कोरबा सांसद ज्योत्सनाकहा ने संसद में कहा- 45 हजार शौचालय उपयोगहीन
न्यूज होम लाइव के लिए मुकेश भारती की रिपोर्ट
कोरबा :-
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने गुरुवार को संसद में अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन पर छत्तीसगढ़ में शौचालयों की दुर्दशा को रेखांकित करते हुए अपनी बात रखी। ज्योत्सना ने स्वच्छ भारत मिशन की वस्तुस्थिति पर प्रकाश डालते हुए सदन को बताया कि कोरबा जिले की चार विधानसभा क्षेत्र रामपुर, कटघोरा, कोरबा, पाली-तानाखार में योजनांतर्गत एक लाख 43 हजार शौचालय बनाए गए हैं। इनमें से 45 हजार शौचालय दुर्दशा के कारण उपयोग में लाए ही नहीं जा सकते, क्योंकि ये स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहद असुरक्षित हैं। आधे-अधूरे शौचालयों के निर्माण के अलावा आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्ति में गंभीरता नहीं दिखाई गई और कमजोर व अधूरे शौचालयों का निर्माण असुरक्षित हैं। ऐसे शौचालयों का उपयोग संक्रामक बीमारियों की वजह भी बनेगा। ज्योत्सना ने सवाल किया कि क्या सरकार के पास पूरी जानकारी है कि कितने शौचालय उपयोग में लाए जा रहे हैं। असुरक्षित शौचालयों का निर्माण योजना के क्रियान्वयन की हकीकत बयां करता है।

