LatestNewsछत्तीसगढ़

शिवसेना प्रत्याशी का नामांकन हुआ खारिज , नौ प्रत्याशी वैध


मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट


दंतेवाड़ा — दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिये नामंकन पत्रों की स्कूटनी का काम आज शाम पूरा हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 10 नामांकन पत्रों में से शिवसेना के उम्मीदवार जयराम कश्यप का नामांकन निरस्त कर दिया। जयराम सरकारी नौकरी में बाबू रहते हुये 50 हजार रिश्वत लेते हुये एसीबी के हत्थे चढ़ गये थे। उन्हें इस मामले में दो महीने जेल में भी रहना पड़ा था और जयराम को सजा भी हुई। राज्य सरकार ने पिछले साल ही उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया था। नौकरी से छुट्टी होने के बाद जयराम शिवसेना से जुड़ गया और शिवसेना ने उपचुनाव में उन्हें प्रत्याशी भी बना दिया। जबकि नियमानुसार भ्रष्टाचार के कृत्य में बर्खास्ती के बाद पाँच साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ा जा सकता। इसलिये जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन आज खारिज करते हुये नौ प्रत्याशियों को वैध करार दिया।
जिन अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र जाँच के पश्चात वैध पाये गये उनमें श्री अजय नाग पिता श्री गौरी लाल नाग नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी, श्रीमती ओजस्वी भीमा मंडावी पति स्वर्गीय भीमाराम मंडावी भारतीय जनता पार्टी, श्रीमती देवती कर्मा पति स्वर्गीय महेन्द्र कर्मा इंडियन नेशनल कांग्रेस, श्री भीमसेन मंडावी पिता स्वर्गीय पाण्डूराम मंडावी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, श्री सुजीत कर्मा पिता श्री कमलूराम कर्मा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), श्री हेमन्त पोयाम पिता श्री मांडोराम पोयाम बहुजन समाज पार्टी, श्री बल्लू राम भवानी पिता स्वर्गीय बुधराम भवानी आम आदमी पार्टी, श्री योगेश मरकाम पिता श्री नोहर सिंह मरकाम गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और श्री सुदरू राम कुंजाम पिता स्वर्गीय भोसे राम कुंजाम निर्दलीय (स्वतंत्र अभ्यर्थी) के नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाया जाना प्रतिवेदित किया गया है।
विधानसभा उप निर्वाचन 2019 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-88 दन्तेवाड़ा के सदस्य निर्वाचन हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 07 सितम्बर को अपरान्ह 03:00 बजे के पूर्व तक अभ्यर्थिता से नाम वापस लिये जा सकते हैं । निर्वाचन के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 23 सितम्बर 2019 को पूर्वान्ह 07:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे तक मतदान होगा।

Share This News