हर प्रयास में कामयाबी हमारे साथ होगी — प्रधानमंत्री
मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बैंगलोर — चंद्रयान-2 का चाँद पर उतरने से ठीक पहले संपर्क टूट गया और वैज्ञानिक परेशान हो उठे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया और वह इसरो के कंट्रोल सेंटर से देश को भी संबोधित भी किये। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम निश्चित रूप से सफल होंगे , इस मिशन के अगले प्रयास में भी और इसके बाद के हर प्रयास में भी कामयाबी हमारे साथ होगी। हर मुश्किल, हर संघर्ष, हर कठिनाई, हमें कुछ नया सिखाकर जाती है। कुछ नये आविष्कार, नई टेक्नोलॉजी के लिये प्रेरित करती है और इसी से हमारी आगे की सफलता तय होती हैं। ज्ञान का अगर सबसे बड़ा शिक्षक कोई है तो वो विज्ञान है. विज्ञान में विफलता नहीं होती, केवल प्रयोग और प्रयास होते हैं। मैं सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के परिवार को भी सलाम करता हूँ जिनका मौन लेकिन बहुत महत्वपूर्ण समर्थन आपके साथ रहा। हम असफल हो सकते हैं, लेकिन इससे हमारे जोश और ऊर्जा में कमी नहीं आयेगीऔर हम फिर पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ेंगे।अपने वैज्ञानिकों से मैं कहना चाहता हूँ कि भारत आपके साथ है। आप सब महान प्रोफेशनल हैं जिन्होंने देश की प्रगति के लिये संपूर्ण जीवन दिया और देश को मुस्कुराने और गर्व करने के कई मौके भी दिये। आप लोग मक्खन पर लकीर करने वाले लोग नहीं हैं पत्थर पर लकीर करने वाले लोग हैं। पीएम ने कहा कि इस मिशन के साथ जुड़ा हुआ हर व्यक्ति एक अलग ही अवस्था में था। बहुत से सवाल थे, बड़ी सफलता के साथ आगे बढ़ते हैं। अचानक सबकुछ नजर आना बंद हो गया, मैंने भी उस पल को आपके साथ जिया है। पीएम ने कहा कि आज चंद्रमा को छूने की हमारी इच्छाशक्ति और दृढ़ हुई है, संकल्प और प्रबल हुआ है। आज भले ही कुछ रुकावटें हाथ लगी हो, लेकिन इससे हमारा हौसला कमजोर नहीं पड़ा है बल्कि और मजबूत हुआ है।आज हमारे रास्ते में भले ही एक रुकावट आयी हो लेकिन इससे हम अपनी मंजिल के रास्ते से डिगे नहीं हैं। चंद्रयान 2 मिशन को लेकर पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों की सराहना करते हुये कहा कि वैज्ञानिक माँ भारती की जय के लिए जूझते रहते हैं। आप वो लोग हैं जो मां भारती के लिये जज्बा रखते हैं मां भारती का सर ऊँचा हो इसके लिये पूरा जीवन खपा देते है।

