शीत कालीन के मद्देनजर विभिन्न ब्यवस्थाओं के लिए जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
न्यूज होम लाइव नेटवर्क
पिथौरागढ़,
शीत कालीन के मद्देनजर विभिन्न ब्यवस्थाओं हेतु पूर्व तैयारी बैठक शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शीलकाल को देखते हुए अधिक ठंड पड़ने पर आवश्यक ब्यवस्थाओं को सम्बंधित विभाग पूर्व से ही तैयार रहें सभी विभाग अलर्ट रहें। उन्होंने सड़क निर्माण विभाग के सभी खण्डों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पाले पड़ने वाले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की वाहन दुर्घटना न हो इस हेतु ऐसे स्थानों में चेतावनी बोर्ड/साइनेज लगाए जाय।साथ ही जिन स्थानों में सड़कों में पाला अधिक पड़ता है उन स्थानों में लगातार चूने व नमक का छिड़काव किया जाय साथ ही सुरक्षा के पूर्ण उपाय किए जाय।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के जिन क्षेत्रों में बर्फ के कारण सड़क बन्द हो जाती है विशेष रूप से मुन्स्यारी काला मुनि आदि क्षेत्र में स्नो कटर,
जेसीबी मशीन व ऑपरेटर तैनात किए जाय। सड़क निर्माण विभाग शीतकाल के दौरान सड़कों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो इस हेतु सभी पूर्व तैयारियां करते हुए तत्परता से कार्य किया जाय।उन्होंने सभी सड़क मार्गों में सभी पैराफिट में पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए ताकि ,कोहरा,धुंध में सड़कों में चलने वाले वाहन चालकों को चलने में सुविधा मिले।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण विभाग के सभी खण्ड अपने अपने क्षेत्र के सभी सड़क मार्गों में मशीन तथा स्टाफ तैनात रखें तथा उनकी सूची दो दिन के भीतर जिला आपदा परिचालन केन्द्र को उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों, कस्बों में ठंड पड़ने पर अलाव जलाए जाय।बैठक में सभी नगर निकाय क्षेत्रों में अलाव जलाने के निर्देश अधिशासी अधिकारियों को दिए गए।साथ ही जितने भी सराय है उनमें रुकने की उचित ब्यवस्था के निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त सभी नगरीय क्षेत्रों में असहाय व गरीबों को कंबल भी वितरित करने के निर्देश दिए।
शीतकाल में जनपद में दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की आपूर्ति के संबंध में पूर्ति विभाग द्वारा की जा रही तैयारी के संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र के ब्यास घाटी के गूंजी खाद्यान्न गोदाम में मई 2020 तक का खाद्यान्न का कोटा दे दिया गया है।मुन्स्यारी क्षेत्र के सभी गोदामों में जनवरी तक का खाद्यान्न दे दिया गया है।जिलाधिकारी ने सभी गैस गोदामों में रसोई गैस तथा सभी पैट्रोल पंप में ईंधन का अतिरिक्त कोटा रिजर्व में रखे जाने हेतु पूर्ति विभाग को निर्देश दिए।उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को शीतकाल में अधिक ठण्ड व वर्षात के कारण ध्वस्त पेयजल लाइन को तत्काल मरम्मत किया जा सके इस हेतु पूर्व से ही सभी तैयारी पूर्ण कर ली जाय।मुन्स्यारी तथा धारचूला के जिन क्षेत्रों में अधिक बर्फ पड़ने के कारण पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती हैं उन क्षेत्रों में तत्काल पेयजल आपूर्ति हेतु पाइप का अतिरिक्त स्टॉक रखा जाय। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को घाट पम्पिंग योजना अंतर्गत पाइप बदले जाने का कार्य शीघ्र ही पूर्ण करने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग को इस दौरान सभी क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर, विद्युत लाइन व विद्युत पोल का स्टॉक रखने के साथ ही विद्युत बाधित होने पर तत्काल बहाल करने हेतु सभी ब्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली जाय।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत लाइनों में जहाँ जहाँ पेडों को लोपिंग करने की आवश्यकता है वह भी कर ली जाय। चिकित्सा ब्यवस्था के सम्बंध में सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाई का स्टॉक रखे जाने के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त स्टाफ रखे जाने के निर्देश दिए।साथ ही सभी एम्बुलेन्स व चिकित्सा वाहनों को दुरस्त रखने के निर्देश दिए।बैठक में संचार ब्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी सप्ताह में भारी वर्षा एवं ठण्ड की चेतावनी के मद्देनहर सभी अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगाई जा रही है,जो भी अधिकारी अवकाश पर गए हैं वह वापस आ जाएं।उन्होंने सभी तहसीलों में तत्काल नियंत्रण कक्ष भी स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आर डी पालीवाल,अधीक्षण अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग,आशुतोष कौशिक,मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चोधरी,उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज जोशी,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश
ढकरियाल,मुख्य उद्यान अधिकारी आर एस वर्मा,मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया,सहित लोक निर्माण विभाग के सभी खण्डों के अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

