ग्रामीणों ने क्षेत्र में ही सस्ता गल्ला की स्थायी दुकान खोलने की रखी मांग
दोबांस क्षेत्र में सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान न होने से दस किमी की दौड़ लगा रहे ग्रामीण
–
झूलाघाट। न्यूज होम लाइव नेटवर्क
दो साल पूर्व दोबांस क्षेत्र में सस्ता गल्ला की दुकान चला रहे धीरज जोशी ने बताया कि क्षेत्र में स्थायी दुकान के लिए पटवारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि रोड़ा डाल रहे हैं। वह लगाता मुख्यालय के चक्कर काट रहे हैं। दुकान के लिए उनके सभी दस्तावेज भी तैयार हैं। मगर पटवारी और जनप्रतिनिधि रोड़ा डाले हुए हैं। बताया कि चार साल पूर्व तक एक बुजुर्ग यह दुकान चलाते थे। मगर इसके बाद उन्होंने दुकान छोड़ दी। तब से अब तक ग्रामीणों को रोशन लेने के लिए दस किमी दूर धौलकांडा तक जाना पड़ रहा है। बताया कि दोबांस क्षेत्र में करीब 800 परिवार निवास करते हैं। जिन्हें शासन, प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द ही क्षेत्र में स्थायी सस्ता गल्ला की दुकान खोलने की मांग की है। दुकान न खुलने पर उन्होंने उग्र आंदोलन को चेताया है।
बोले लोग-
क्षेत्र के धीरज जोशी ने दो साल तक वैकल्पिक व्यवस्था कर लोगों को सुविधा दी है। उसको भाड़ा न मिलने से आजीविका पर बुरा असर पड़ रहा है। धीरज को जल्द ही स्थायी दुकान आवंटित होनी चाहिए।
-कोमलानंद जोशी, पूर्व ग्राम प्रधान।
14 किमी पैदल चलकर तीसरी ग्रामसभा से राशन ढोना पड़ रहा है। उसमें भी कभी राशन मिलता है कभी खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। वहां जाने के लिए सड़क भी नहीं है।
-दीपक कुमार, खर्कतड़ी।
दोबांस ग्रामसभा की बहुत बुरी हालत है। जनप्रतिनिधि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं। जीतने के बाद पांच साल तक गायब रहकर अपना घर भरते हैं।
-सुरेन्द्र प्रकाश, दोबांस।
कोरोना के कारण कई युवा प्रवासी घर लौटे हैं। लेकिन राशन की दुकान समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं क्षेत्र में न होने से परेशानी हो रही है। जो पलायन का मुख्य कारण है।
-सुरेश कुमार, चोपाता।
दो साल से लगातार मुख्यालय के चक्कर काट रहा हूं, दुकाने के लिए सभी दस्तावेज भी तैयार कर लिए हैं। मगर पटवारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि बार-बार स्थायी दुकान के लिए रोड़ा बने हुए हैं।
-धीरज जोशी, बांस।






