जनगणना में पिथौरागढ़ के बगड़तोली गांव ने रचा इतिहास, स्वगणना पूरी करने वाला बना जिले का पहला गांव।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। डिजिटल जागरूकता और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल पेश करते हुए पिथौरागढ़ जनपद का ग्राम बगड़तोली ऑनलाइन माध्यम से जनगणना की स्वगणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) प्रक्रिया पूरी करने वाला जिले का पहला गांव बन गया है। प्रगणक कलावती धरियाल के अथक प्रयासों और ग्रामीणों के सहयोग से यह उपलब्धि तय समय सीमा से काफी पहले हासिल कर ली गई।
तहसीलदार विजय गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना प्रगणकों द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से गांव के शत-प्रतिशत परिवारों ने अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर ली है।
30 नवंबर की समय सीमा, 10 दिन में पूरा हुआ लक्ष्य
जिला प्रशासन के अनुसार, बगड़तोली गांव को जनगणना की यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया था। लेकिन प्रगणक कलावती धरियाल की सक्रियता के चलते यह कार्य मात्र 10 दिनों के भीतर ही पूरा कर लिया गया। इस दौरान गांव के सभी 18 परिवारों के कुल 77 ग्रामीणों ने ऑनलाइन लिंक के माध्यम से जनगणना से जुड़े सभी 100 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
ग्राम प्रधान और ग्रामीणों का रहा विशेष सहयोग
ग्राम प्रधान राहुल कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता प्रगणक कलावती धरियाल के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम स्तर पर भी पूरा सहयोग किया गया और प्रत्येक ग्रामीण को ऑनलाइन लिंक के माध्यम से स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे गांव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

