दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारत मजबूत स्थिति में
दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारत मजबूत स्थिति में

न्यूज होम लाइव नेटवर्क
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
चेन्नई — भारत और इंग्लैंड के बीच 4 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुये टीम इंडिया ने पहली पारी में 329 रन बनाये। इसके जवाब में टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 134 रन बनाकर ऑलआउट हुई। रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी करते हुये पांच विकेट झटके। अश्विन इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बायें हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 200 विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गये हैं । अश्विन ने यह खास उपलब्धि स्टुअर्ट ब्रॉड को बिना खाता खोले बोल्ड करके हासिल की। ऑफ स्पिनर के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज पूरी तरह से बेबस नजर आये और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाये। टेस्ट क्रिकेट में अश्विन ने यह 23वीं बार पांच विकेट अपने नाम किये हैं। उन्होंने जेम्स एंडरसन को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 22 बार टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट झटके हैं। अश्विन ने इस पारी में ब्रॉड के अलावा, बेन स्टोक्स को भी 18 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। इससे पहले भारत की टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हुई, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अच्छी बल्लेबाजी की और 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली ने चार विकेट झटके, जबकि ओली स्टोन ने तीन भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखायी। टीम इंडिया ने इस मैच में अपने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को शाहबाज नदीम, बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर टीम में शामिल किया गया है । भारत को पहली पारी के आधार पर 195 रन की लीड मिली।
लड़खड़ाती पारी के साथ इंग्लिश टीम ने फॉलोऑन बचा लिया। टीम को फॉलोऑन बचाने के लिये 130 रन की जरूरत थी।
इंग्लैंड कई बल्लेबाज दहाई आंकड़ा से दूर
इंग्लैंड के लिये बेन फोक्स ने सबसे ज्यादा 42 और ओली पोप ने 22 रन की पारी खेली। कप्तान जो रूट समेत सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। टीम इंडिया के रविचंद्रन अश्विन ने 50 और डेब्यू टेस्ट खेल रहे अक्षर पटेल ने 02 विकेट लिये। इशांत शर्मा को भी 02 और मोहम्मद सिराज को 01 विकेट मिला।
इंग्लैंड ने शून्य पर गंवाया पहला विकेट
इंग्लैंड की पहली पारी में शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में शून्य पर पहला विकेट गंवा दिया। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने ओपनर रोरी बर्न्स को पगबाधा आउट किया। इसके बाद लगातार अंतराल पर टीम के विकेट गिरते रहे। 52 रन पर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। 106 रन तक आते-आते आठ खिलाड़ी आउट हो चुके थे।भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के संभलने का समय ही नहीं दिया। उन्होंने 05 विकेट लेकर मिडिल ऑर्डर ढहा दिया। उन्होंने ओपनर डॉम सिबली (16), डैन लॉरेंस (9), बेन स्टोक्स (18) और ओली स्टोन (1) को पवेलियन भेजा।वहीं डेब्यू टेस्ट खेल रहे अक्षर पटेल ने 02 विकेट लिये। उन्होंने अपना पहला शिकार जो रूट को बनाया। रूट (6) का कैच अश्विन ने लिया। अक्षर ने दूसरा शिकार मोइन अली को बनाया। मोइन 06 रन बनाकर रहाणे के हाथों कैच आउट हुये। इसी तरह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पारी के अपने पहले ओवर की पहली बॉल पर विकेट लिया। कप्तान कोहली ने उनसे पारी का 39वां ओवर कराया। सिराज ने ओली पोप (22) को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया।
चोटिल पुजारा मैदान से बाहर
भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान फील्डिंग करने नहीं उतरे। उनकी जगह रिजर्व प्लेयर मयंक अग्रवाल मैदान पर आये। मैच के पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान पुजारा को हाथ में चोट लगी थी। पहली पारी में उन्होंने 58 बॉल पर 21 रन की पारी खेली।

