कर्नल हर्ष मिश्रा और उनकी टीम ने रैली की तैयारियों का जायजा लिया

न्यूज लाइव ब्यूरो:–
बेरीनाग। १३ सिक्ख रेजीमेंट आगामी २२ अप्रैल को बेरीनाग में १ दिवसीय आर्मी रैली का आयोजन कर रहा है। ६ माउंटेन डिवीजन के मेजर जनरल कवीन्द्र सिंह रैली के मुख्य अतिथि होंगे। आज १३ सिक्ख रेजीमेंट के कमांडिंग आफीसर कर्नल हर्ष मिश्रा और उनकी टीम ने यहां रैली की तैयारियों का जायजा लिया और पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता की।
रैली में पिथौरागढ़ व बागेश्वर जनपदों के पूर्व सैनिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। बेरीनाग के सैनिक विश्राम गृह में आयेाजित बैठक में सैन्य अधिकारियों ने बताया कि रेजीमेंट ने दिसंबर माह में अल्मोड़ा में कामयाब रैली आयोजित की थी। बेरीनाग की रैली का स्वरूप उससे वृहद करने की योजना है। बेरीनाग डिग्री कालेज के खैल मैदान को रैली के लिए चुना गया है। इसमें पूर्व सैनिकों को कैंटीन सुविधा, मेडिकल कैम्प, पशु चिकित्सा के अलावा विवेकानंद पर्वतीय अनुसंधान एवं कृषि अनुसंधान केंद्र, कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर व सीमा सुरक्षा बल के स्टाल लगाए जाएंगे। पूर्व सैनिकों को बैंकिंग सुविधा, कैंटीन कार्ड, पैन कार्ड व आधार कार्ड बनाए जाएंगे। रैली में पूर्व सैनिकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी होगी। पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए सरकार और सेना द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। बैठक में १३ सिक्ख रेजीमेंट के कमांडिंग आफीसर कर्नल हर्ष मिश्रा के अलावा मेजर सन्नी राठी, सूबेदार जनक सिंह, पूर्व सैनिक लीग, बेरीनाग के अध्यक्ष कैप्टेन लक्ष्मण डांगी, कैप्टेन शेर सिंह, सूबेदार पुष्कर सिंह, मोहन सिंह, चंचल सिंह आदि मौजूद थे।

