जेई-एई परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में एक कोचिंग संस्थान का संचालक गिरफ्तार।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक और भर्ती घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने जेई-एई परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले की विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपित के रूप में एक कोचिंग सेंटर से संचालक विवेक कुमार उर्फ विक्की पुत्र जयपाल सिंह निवासी ग्राम चुडियाला, थाना भगवानपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपिन के पास से एसआईटी को 2 लाख रुपए, चार ब्लैक चेक और 1 एलईडी डेस्कटॉप मिला है। एसआईटी की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि यह वर्तमान में रुड़की में जीनियस कोचिंग सेंटर को संचालित करता है। जिसमें जेई के परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी कराई जाती है। हरिद्वार एसआईटी के प्रभारी एसएसपी ने बताया कि ज्यादा पैसे कमाने के लालच में कोचिंग संचालक ने प्रश्न पत्र लीक कराने वाले गिरोह में शामिल होकर कुछ अभ्यर्थियों से प्रश्न पत्र देने के एवज में 19 लाख रुपए की डील की। इतना ही नहीं अभ्यर्थियों से एडवांस के तौर पर कुछ धनराशि और ब्लैक चेक भी लिए। आरोपित विवेक ने बताया कि मैंने सोचा अगर मेरी कोचिंग सेंटर से ज्यादा लड़के सेलेक्ट होंगे तो, मेरी कोचिंग का नाम होगा। तभी ज्यादा लड़के मेरे कोचिंग सेंटर पर आएंगे। अगर मेरे सेंटर से लड़के सेलेक्ट नहीं होते हैं तो, हम परीक्षा रद्द कराने के लिए पैसा देकर धरना।प्रदर्शन भी कराते हैं, एसआईटी ने उसके पास से अभ्यर्थियों से लिए गए दो लाख रुपए नकद और चार ब्लैंक चेक भी बरामद किए गए। हरिद्वार एसआईटी ने नकल माफिया और संदिग्ध कोचिंग सेंटर के गठजोड़ का भी खुलासा किया। बताया कि यह लोग प्रश्न पत्र लीक कराकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलते थे। किसी कारणवश अगर अभ्यर्थियों का चयन नहीं होता तो परीक्षा निरस्त कराने का खेल खेलते थे। एसआईटी को पता चला है कि कोचिंग इंस्टीट्यूट मालिक के संपर्क में कुछ छात्र संगठनों के लोग भी थे। एसआईटी टीम ने यूपी बॉर्डर पर स्थित नकल सेंटर को खोज निकाला है। उल्लेखनीय है कि प्रश्न पत्र लीक घोटाले के साक्ष्य मिलने गत 3 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया था। हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि प्रश्न पत्र लीक प्रकरण में हर आरोपित का जेल जाना तय है।

