FEATUREDGeneralLatestNewsuttarakhandचम्पावत

सात किमी पैदल चलकर इस गांव में पहली बार पहुंचे डीएम , चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं।

एनएचएल नेटवर्क।

चंपावत। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने मंच से लगभग 7 किलोमीटर दूर पैदल मार्ग ग्राम पंचायत सौराई के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित जन समस्या शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और गांव के विकास हेतु प्राथमिकता के साथ हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और कहा कि वह स्वयं यहां की प्रत्येक समस्या का समय-समय पर मॉनिटरिंग करेंगे ताकि समस्याओं का समय पर समाधान हो सकें, जिससे ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास परख योजनाओं का लाभ मिल सकें। किसी जिलाधिकारी के प्रथम बार सौराई गांव पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यतः सड़क की समस्या रही। ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया कि यहां सड़क ही मुख्य समस्या है जिससे बीमार व्यक्तियों विशेष तौर पर गर्भवती महिलाओं को पैदल मंच रोड तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जो बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, जिस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को बताया कि मुख्यमंत्री की सोच है कि प्रदेश के सभी तोकों तक सड़क सुविधाओं से जोड़ा जाय, जिस हेतु लगातार कार्य किए जा रहे है, इसी के अंतर्गत मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत गोरखनाथ मंदिर से रणकुची मंदिर तक बनने वाली रोड के लिए 60 लाख की धनराशि प्राप्त हो गई है और शीघ्र सर्वे का कार्य प्रारंभ हो जायेगा और लोगों की सड़क की मुख्य समस्या का निराकरण कर ग्रामीणों को सड़क सौगात से आच्छादित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी सौरई, बकोड़ा, भनार, हरतोला क्षेत्र के ग्रामीण आपसी समन्वय बनाकर सड़क निर्माण के सर्वे कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें । उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंच बकोड़ा सड़क निर्माण के प्रस्ताव में जो आपत्तियां लगी हैं उन आपत्तियों का भी निराकरण किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों पशुपालन , कृषि, उद्यान, मत्स्य, जड़ी बूटी, शिक्षा, उद्योग,विकास विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को हफ्ते भर में इस क्षेत्र में पशु चिकित्सा कैंप लगाकर ग्रामीणों को बकरी पालन, गौ पालन से जोड़ने हेतु प्रेरित कर योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि यहां लोगों के पास अधिकतर बद्री गाय है, जिस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से उत्तम क्वालिटी का घी बनाने को कहा और उनके द्वारा बनाए घी का अच्छा मूल्य डेरी विभाग से दिलाने का भरोसा दिलाया। ग्रामीण गंगा देवी , भागीरथी देवी द्वारा जिलाधिकारी को बताया कि उनकी उम्र 60 वर्ष से ऊपर है और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्राथमिकता के साथ उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न पेंशन योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। विकलांग संदीप सिंह को आधार लिंक न होने के कारण विकलांग पेंशन नहीं मिलने की समस्या पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को संबंधित बैंक से संपर्क कर उक्त समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान पेंशन योजना, अटल आवास योजना से ग्रामीणों को आच्छादित करने हेतु कृषि अधिकारी और तहसीलदार को क्षेत्र में कैंप लगाकर उनकी सूची तैयार कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम लंबे समय से नहीं आई है तथा क्षेत्र में एएनएम सेंटर की अधिक आवश्यकता है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए और एएनएम को सप्ताह में एक दिन बाकोड़ा, सौराई में आने हेतु निर्देशित करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य टीम के क्षेत्र में न आने पर स्वास्थ्य विभाग को संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण देने को कहा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सौरई-भनार पैदल पुलिया तथा बकोड़ा प्राथमिक स्कूल क्षतिग्रस्त होने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारी को शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन का लगातार प्रयास है कि लोगों के जीवन स्तर को कैसे उठाया जाय,इस क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Share This News