FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticsppछत्तीसगढ़

सीएम साय ने की चक्रधर समारोह का शुभारंभ।

राधा रास बिहारी नृत्य नाटिका पर हेमामालिनी ने दी शानदार प्रस्तुति

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायगढ़ – रायगढ़ के पूर्व शासक महाराजा चक्रधर सिंह कला और संगीत के संरक्षक के रूप में जाने जाते थे। संगीत सम्राट महाराज चक्रधर ने शास्त्रीय कला संगीत को विश्व में एक नई पहचान दिलाई है। विगत पांच वर्षों में चक्रधर समारोह का आयोजन फीका पड़ गया था , अब रायगढ़ के विधायक और हमारे सरकार में वित्त मंत्री ओ०पी० चौधरी की पहल से चक्रधर समारोह के आयोजन को और बेहतर तथा भव्य स्वरूप दिया गया है। हमारी सरकार स्थानीय कला संस्कृति के साथ-साथ पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के लिये हर संभव सहायता करेगी।
उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संगीत एवं कला नगरी की राजधानी रायगढ़ में दस दिवसीय आयोजित 39वें चक्रधर समारोह के विधिवत शुभारंभ करते हुये कही। समारोह की शुरुआत गणेश पूजन और वंदन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत से की गई। सीएम साय कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गारंटी को सांय सांय पूरा कर रही है। उन्होंने प्रदेश के किसानों, गरीबों सहित सभी वर्गों का आश्वस्त करते हुये कहा कि उनकी सरकार राज्य के प्रगति के लिये पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि चक्रधर समारोह निर्विघ्न रूप से संपन्न होगा और भगवान गणेशजी की कृपा सब पर बनी रहेगी। पिछले पंद्रह साल तक मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने समारोह में नियमित रूप से भाग लिया और जो भी मांगें थीं , उन्हें पूरा किया। फिलहाल संगीत महाविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है , जिसे हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा करेगी। सीएम साय ने इस मौके पर रायगढ़ में संगीत महाविद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा करते हुये संगीत और कला के क्षेत्र में योगदान देने वाले संगीत के मर्मज्ञ विद्वतजनों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रायगढ़ के शैल चित्रों पर आधारित अभिलेखीकरण पुस्तिका एवं चक्रधर समारोह की परिचय पुस्तिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पत्रकार विनय पाण्डेय द्वारा ब्राम्हीलिपि एवं खरोष्ठी लिपि में अनुसंधान पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया , वहीं पाण्डेय द्वारा इस मौके पर मुख्यमंत्री को ब्राम्ही लिपि में लिखी नाम पट्टिका भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ को प्रकृति ने भरपूर खनिज संपदा से नवाजा है। यहां हीरा, कोयला, लोहा का भरपूर भंडार है, यहां की धरती में भरपूर उर्वरा शक्ति है। मेहनतकश किसान और हम सब मिलकर छत्तीगसढ़ को कृषि प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किये गये वायदे के अनुरूप प्रदेश के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल 3100 रूपए के भाव से खरीदने का वायदा पूरा किया। तेन्दूपत्ता का पारिश्रमिक दर प्रति मानक बोरा 4000 रूपये से बढ़ाकर 5500 रूपये किया गया। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को उनके खाते में राशि अंतरित करने का काम कर रही है। श्रीरामलला दर्शन योजना से यहां के लोगों को प्रभु श्रीराम का दर्शन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अभी दो दिन पहले ही छत्तीसगढ़ को साढ़े आठ लाख से अधिक परिवारों के लिये प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति प्रदान की है , हम इसके लिये प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। इस समारोह में सीएम विष्णुदेव साय अलग अंदाज में नजर आये , यहां उन्होंने अपने गृह ग्राम बगिया के कर्मा नर्तकों को मांदर की थाप पर कर्मा नृत्य करते देख खुद को नहीं रोक नहीं पाये और मंच पर ढोलक बजाकर कर्मा नृत्य किया। अंत में सीएम साय ने चक्रधर समारोह को नये स्वरूप में भव्य और आकर्षक रूप में आयोजित करने के लिये संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को बधाई दी। इसी कड़ी में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार ने कहा कि महाराज चक्रधर ने रायगढ़ घराना के कला संगीत को संजोकर रखा है। उन्होंने कला संगीत को देश और दुनियां में एक नई ऊंचाई देने का काम किया है , उनके इस योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। सग्राट चक्रधर शास्त्रीय कला संगीत के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर कला संस्कृति को एक नया आयाम दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की कला संस्कृति , यहां की विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिये तत्परता से काम कर रही है। वहीं वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने चक्रधर समारोह के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुये कहा चक्रधर समारोह को एक भव्य तरीके से आयोजित किया जायेगा और आज उसे जिला प्रशासन , संस्कृति विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से आज भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देश के प्रतिष्ठित आठ पद्मश्री कलाकार भाग लेने आ रहे हैं। चक्रधर समारोह की महत्ता अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के विभिन्न प्रांतों के नामी – गिनामी कलाकार यहां अपनी प्रस्तुति देने की अभिलाषा रखते हैं। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिये जिला प्रशासन सहित आयोजकों को बधाई और शुभकामनायें दी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कुंवर देवन्रप्रताप सिंह , रायगढ सांसद राथेश्याम राठिया , राजपरिवार के उर्वशी सिंह़ , बिजया सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि चक्रधर समारोह के प्रथम दिवस रायगढ़ कत्थक घराने के वरिष्ठ कलाकार तथा इस वर्ष पद्मश्री से नवाजे गये रामलाल को कत्थक घुंघरू सम्मान से सम्मानित किया गया। जिसके बाद भूपेंद्र बरेठ और साथी कलाकारों द्वारा कत्थक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी गई , फिर दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी के लोक विधा करमा नृत्य का आनंद लेने का अवसर मिला। इसके पश्चात जशपुर के मनियर भगत एवं साथी के द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति दी गई। वहीं प्रथम दिवस के कार्यक्रम के अंत में प्रसिद्ध अभिनेत्री , नृत्यांगना और सांसद और पद्मश्री हेमामालिनी ने अपनी टीम के साथ भरतनाट्यम शैली में ‘रासबिहारी’ नृत्य नाटिका का मंचन किया , जिसने कला प्रेमियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान श्रीकृष्ण की रासलीला , आराधना और संयोग-वियोग के दृश्य इतने प्रभावशाली थे कि दर्शक बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आये। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित दर्शक पूरी तरह से इस अद्वितीय नृत्य नाटिका के रंग में डूबे रहे , जिससे समारोह का माहौल कला और संस्कृति की ऊंचाईयों को छूता नजर आया। बताते चलें इस वर्ष चक्रधर समारोह को और भी खास बनाने के लिये विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पूरे दस दिनों तक रायगढ़ कला और संस्कृति से सराबोर रहेगा , जिसमें कुल 62 इवेंट्स होंगे। इस आयोजन में देश के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पद्मश्री से सम्मानित कलाकार भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगी। हर साल इस आयोजन के लिये रायगढ़ में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जाती हैं , इस दौरान यहां देश भर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने आते हैं। इसमें भरतनाट्यम , कत्थक , कुचिपुड़ी , मोहिनीअट्टम , मणिपुरी , असमिया नृत्य और ओडिशी जैसी नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

Share This News