साइबर क्राइम से बचाव के उपाय विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य डॉ. पी. एस. मेहरा की अध्यक्षता में सेज संस्था एवं बेरीनाग पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ” साइबर क्राइम से बचाव के उपाय” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता थाना- बेरीनाग के उप निरीक्षक श्री बिमल टम्टा रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एस. मेहरा ने इस कार्यशाला को अति प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि आजकल तकनीकी विकास के साथ-साथ साइबर क्राइम एक चुनौती के रूप में उभर रहा है जिससे सुरक्षित रहना हम सभी के लिये बहुत जरूरी है। उपनिरीक्षक श्री टम्टा ने साइबर क्राइम के बारे में विद्यार्थियों को भरपूर जानकारी दी एवं इस तरह के क्राइम से बचाव के लिये सदैव जागरूक रहने की सलाह दी। महाविद्यालय के मुख्य नियंता डॉ. जे. एन. पंत ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में अनुशासित वातावरण को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये ताकि महाविद्यालय में सुचारू रूप से पठन-पाठन का कार्य हो सके। सेज संस्था के अध्यक्ष श्री रत्नाकर पाण्डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं मानवीय मूल्यों का समावेश होना चाहिए जिससे कि वे चहुमुंखी विकास की ओर अग्रसर हो सकें। कार्यशाला का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र- छात्रायें उपस्थित रहे।

