राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आरंभ शिविरार्थियों द्वारा प्रातः काल योग प्राणायाम करते हुए किया।

एनएचएल नेटवर्क।
मुनस्यारी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुनस्यारी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आरंभ शिविरार्थियों द्वारा प्रातः काल योग प्राणायाम करते हुए किया गया जिसमें शिविरार्थियों को स्वयं सेवक दीक्षा ने पद्मासन, ताड़ासन ,अनुलोम विलोम योग आदि कराया और उसके बाद शिविरार्थियों ने दरांती गांव में लोगों से संवाद किया गया और उन्हें समान नागरिक संहिता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी गई।

तत्पश्चात स्वयंसेवकों को दो टोलियों में विभाजित किया गया। एक टोली ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय दरांती में बच्चों को पढ़ाया। दूसरी टोली ने दरांती गांव के जल स्रोतों की साफ सफाई की। इसके बाद गांव में स्थित मां महाकाली मंदिर के परिसर की साफ सफाई की । दोपहर में भोजन के उपरांत बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। बौद्धिक सत्र की वक्ता महाविद्यालय की प्राध्यापिका निधि मारोठिया थी।उन्होंने स्वयं सेवकों से संवाद किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में नशा की समस्या ,गांव के लोगों को जागरूक करने में युवाओं की भूमिका, और महिला स्वास्थ्य पर पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा ही गांव को बदल सकता है। सत्र का संचालन कमल सिंह मेहरा द्वारा किया गया। रात्रि भोजन के उपरांत शिविरार्थियों द्वारा भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और इसी के साथ चतुर्थ दिवस का समापन हुआ।

