उत्तराखंड राज्य के 6 जिलों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की बारिश का क्रम लगातार जारी है। मंगलवार को गढ़वाल मंडल सहित कुमाऊं मंडल के जनपदों में बारिश होती रही। हालांकि कुमाऊं के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में बारिश से कुछ राहत रही। पिछले 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक वर्षा आशारोड़ी में 50 मिमी ,द्वाराहाट में 31 मिमी,पौड़ी में 22 मिमी , जानकी चट्टी में 20 मिमी , सोनप्रयाग में 15 मिमी कनालीछीना में 15 मिमी,मोरी में 14 मिमी ,गदरपुर में 12 मिमी, भिकियासैंण में 11 मिमी सहित विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड हुई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज बुधवार 2 जुलाई को उत्तराखंड राज्य के 6 जिलों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य जनपदों में बिजली चमकने और हल्की से मध्यम वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज का मौसम पूर्वानुमान…..
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज बुधवार 2 जुलाई को उत्तराखंड राज्य के देहरादून, टिहरी ,नैनीताल ,बागेश्वर , अल्मोड़ा और चंपावत जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उधम सिंह नगर, हरिद्वार , पौड़ी ,रुद्रप्रयाग ,पिथौरागढ़ , उत्तरकाशी और चमोली जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है इन जिलों को भी येलो अलर्ट पर रखा गया है। चार धाम यात्रा मार्गों पर बारिश के तीव्र दौर हो सकते हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन होने की भी आशंका है।
भूस्खलन और बाढ़ का खतरा……
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज भी भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज- चमक के साथ तीव्र बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।

