FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandखटीमा

26.23 करोड़ से निर्मित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण।

  • 26.23 करोड़ से निर्मित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण।
  • 2019 से खटीमा में संचालित केंद्रीय विद्यालय को मिला अपना भवन।

एनएचएल नेटवर्क।

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26.23 करोड़ से नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय खटीमा का लोकार्पण किया। उन्होंने माँ सरस्वती की पूजा अर्चना व दीप प्रज्जवलित कर लोकार्पण कार्यक्रम शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में पहुँचने पर केंद्रीय विद्यालय परिवार ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया व केंद्रीय विद्यालय निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा के परिसर में पौधरोपण भी किया।

अखिल भारतीय शिक्षा समागम कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह क्षण हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि जब देश में शिक्षा क्षेत्र में आई नई क्रांति के 5 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर हमारे खटीमा में भी ज्ञान और विज्ञान के नए युग का सूत्रपात हो रहा है। आज के इस विशेष अवसर पर हमारे खटीमा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात देने के लिए मैं, सभी खटीमा वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का हृदयतल से आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा हमारी सेना, अर्धसैनिक बलों तथा उन तमाम कार्मिकों के बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती है, जिनका देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानांतरण होता रहता है। यदि मेरे छात्र जीवन के दौरान खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो शायद मैं, भी इसी विद्यालय का छात्र होता और मुझे भी शिक्षा के लिए खटीमा से बाहर नहीं जाना पड़ता। इसलिए विधायक रहते हुए मैंने खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु हर संभव प्रयास किए और ये हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि आज इस विद्यालय का लोकार्पण स्वयं देश के शिक्षा मंत्री के कर कमलों द्वारा संपन्न हो रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि खटीमा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से यहाँ के बच्चों के लिए न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे बल्कि ये विद्यालय हमारे बच्चों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का सामाजिक और आर्थिक विकास उसकी शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक स्तर पर सुधार लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि आज इस नीति के माध्यम से बच्चों को रोजगार परख शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में भी सहायता मिल रही है। साथ ही, इसमें शोध और अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच का विकास भी हो रहा है। ये हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। जिसके अंतर्गत हमने प्रदेश के 5600 से अधिक आंगनवाड़ी केन्द्रों में “बालवाटिका” कक्षाओं की शुरुआत कर एक महत्वपूर्ण और दूरगामी शैक्षणिक पहल की है।
कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नगर पालिका रमेश चंद जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी/अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन केविके नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, डीएफओ हिमांशु बागरी, एएसपी डॉ उत्तम सिंह नेगी, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय त्रिभुवन प्रकाश आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक व छात्र-छात्राएं आदि मौजूद थे।

सीएम ने कैंप कार्यालय में जन समस्याओं को सुना।

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मंगलवार को कैंप कार्यालय मे जनप्रतिनिधियों व जनताने पुष्प देकर जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने आवास व लोहिया हेड कैम्प कार्यालय में जनता से मुलाकात की व उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका खटीमा रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा,दर्जा मंत्री अनिल कपूर, शंकर कोरंगा ,पूर्व विधायक राजेश शुक्ला,पूर्व ब्लॉक प्रमुख रणजीत सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि,जनता उपस्थित थे।

Share This News