गंगोलीहाट पुलिस ने अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को किया नष्ट।

एनएचएल नेटवर्क।
गंगोलीहाट पुलिस ने अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट किया। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं उत्पादन के विरुद्ध सतत रूप से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष गंगोलीहाट हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में चौकी पनार पुलिस टीम द्वारा ग्राम रसूना क्षेत्र में की जा रही अवैध भांग की खेती का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगभग चार नाली भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की फसल का पता लगाकर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा, तथा इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी साथ ही मानस नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन पोर्टल (1933) के बारे में आमजन को जानकारी प्रदान की गई एवं अपील की गई कि यदि किसी भी व्यक्ति को मादक पदार्थों से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो वह तत्काल मानस हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से सूचना साझा करें, ताकि आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

