गंगोलीहाट स्यूँतोला निवासी पुष्पा के घर के ऑगन से बकरी उठा ले गया गुलदार।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
गंगोलीहाट। तहसील गंगोलीहाट 20 किलोमीटर दूर स्थित स्यूँतोला निवासी पुष्पा ने रोज की तरह सुबह उठकर अपने मवेशियों को घर के बाहर बांधा। पशुओं को मच्छरों से बचाने के लिए वह धुएं का इंतजाम करने लगी, इतने में घात लगाए बैठे गुलदार ने बकरी पर हमला कर दिया। पुष्पा ने पीछे मुड़कर देखा तो गुलदार ने बकरी की गर्दन दबा रखी थी। वह उठकर गुलदार की ओर दौड़ी तो गुलदार ने बकरी छोड़ दी। पुष्पा ने गुलदार के पैरों को पकड़कर पीछे की ओर उछाल दिया। पुष्पा की हिम्मत देखकर हड़बड़ाया गुलदार फौरन वहां से भाग निकला।यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गंगोलीहाट ब्लाक के ग्राम स्यूँतोला में पूरनलाल के घर हुई। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हुए। इस दौरान पूरनलाल की पत्नी पुष्पा के हौसले को सराहा। मामले की सूचना राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्यूँतोला के शिक्षक के माध्यम से वन क्षेत्राधिकारी को दी गई। मौके पर पहुंचे वनकर्मी शुभम कुमार ने घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल पहुंचकर बच्चों व ग्रामीणों को जागरूक भी किया। ग्राम पंचायत चौड़ धुरौली व डम्डे में पिछले कई दिनों से गुलदार की आवाजाही देखी जा रही है। बीते वर्ष भी राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्यूँतोला के पास गुलदार ने मवेशियों को निवाला बनाया था। एक सप्ताह पहले ग्राम डम्डे में गुलदार ने बिहारीलाल पर भी हमला किया। हमले में बिहारीलाल को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। शुक्रवार को हुई घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। घटनास्थल से स्कूल की दूरी केवल 30 मीटर है, ऐसे में बच्चे भी स्कूल जाने को लेकर भयभीत दिखाई दे रहे हैं। मामले की सूचना विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने उप शिक्षा अधिकारी व प्रभागीय वनाधिकारी को भेजी है।
वन क्षेत्राधिकारी ब्रज मोहन टम्टा ने जानकारी दी कि चौंनाला, डंडे, स्यूँतोला में रोज़ ही गुलदार घूमते दिखाई दे रहे हैं, वन विभाग की टीम जिसमें देवेंद्र महरा, अजय पल्याल, जगत सिंह महर, शुभम कुमार, शैलेन्द्र बम, लक्ष्मी लूंठी नियमित भ्रमण ओर जागरूकता अभियान में लगे हैं। पिंजड़ा लगवाने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा लिखा जा चुका है, पिछले दिनों गुलदार के हमले से घायल बिहारी लाल पुत्र नारायण राम की प्रथमिक सूचना उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है , उन्हें शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

