berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

राजकीय शिक्षकों के चौक-डाउन हड़ताल से शिक्षा व्यवस्था चरमराई।

एनएचएल नेटवर्क।

बेरीनाग। राजकीय शिक्षक संघ, उत्तराखण्ड के आह्वान पर विकासखण्ड बेरीनाग के समस्त राजकीय हाईस्कूल एवं इण्टर कालेजों में शिक्षकों के चौक-डाउन हड़ताल में रहने से स्कूलों की व्यवस्था चरमरा गयी है। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन मेहता ने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार की हठधर्मिता के कारण राजकीय शिक्षक चरणबद्ध आन्दोलन करने को मजबूर है। पूरे प्रदेश में शिक्षकों के पदोन्नति न होने से 95% विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन हैं। जिस प्रकार परिवार का मुखिया न होने से परिवार बिखर जाता है ठीक उसी प्रकार विद्यालय में प्रधानाचार्य न होने से विद्यालय की व्यवस्था चरमराने लगी है। परन्तु उत्तराखण्ड सरकार बार-बार शिक्षकों की मांगों को दरकिनार करते हुए गरीब बच्चों के विद्यालयों में एक प्रधानाचार्य का पद नहीं भर पा रही है।जिससे न केवल ब्लॉक बेरीनाग के समस्त 24 हाईस्कूल व इण्टर कालेज अपितु गंगोलीहाट विधानसभा के समस्त हाईस्कूल व इण्टर कालेज भी प्रधानाचार्य विहीन हैं। सरकार जानबूझ शिक्षकों के पदोन्नति को वर्षों से लटकाये है, जिस कारण शिक्षक 30-35 वर्षों की सेवा करने के उपरान्त एक भी पदोन्नति लिये बगैर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने जागरूक नागरिकों एवं अभिभावकों से भी अपील की कि प्रधानाचार्य विहीन विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति न होने पर उन्हें भी शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से पहाड़ के विद्यालयों की बदहाली के लिए प्रश्न करने चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि जिन शिक्षकों की जिम्मेदारी गरीब नौनिहालों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देकर एक आदर्श नागरिक बनाने की हैं, उन्हें सरकार की हठधर्मिता के कारण आन्दोलन जैसा हथियार उठाना पड़ रहा है। समस्त शिक्षकों ने उत्तराखण्ड सरकार से त्रिसूत्रीय मांग- शिक्षकों के पदोन्नति करने, प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली को निरस्त करने एवं वर्तमान सत्र में शिक्षकों के स्थानांतरण करने पर तत्काल संज्ञान लेकर अविलम्ब कार्यवाही करने की मांग की। इस दौरान आन्दोलन को सफल बनाने में ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन मेहता, मंत्री शौर्यवर्धन महरा, उपाध्यक्ष दीपक टम्टा, जनपद संरक्षक भूपेन्द्र भण्डारी, अशोक पन्त, कपिल पाण्डेय, कमलेश पन्त सहित विकासखण्ड कार्यकारिणी व समस्त शाखा अध्यक्ष/मंत्री एवं संघनिष्ठ शिक्षकों ने सहयोग दिया।

Share This News