चाकबोरा के पास हुई कार दुर्घटना में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

एनएचएल नेटवर्क,
बेरीनाग। बुधवार देर शाम राईआगर-राममंदिर मोटर मार्ग पर चाकबोरा के पास हुई कार दुर्घटना में देवरानी और जेठानी की मौत के मामले में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे में वाहन चालक घायल हुआ था, जबकि दो महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
मृतका उमा देवी और हीरा देवी के देवर राजेन्द्र सिंह ने बेरीनाग कोतवाली में वाहन चालक गोकुल प्रसाद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर तहरीर दी। इस संबंध में बेरीनाग कोतवाल नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक गोकुल प्रसाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 106/281 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भीड़ जमा रही और दुर्घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए गए। ग्रामीणों एवं परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, वहां से मृतकों का घर लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित था। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद सेराघाट सरयू नदी तट पर गमगीन माहौल में दोनों महिलाओं की अंत्येष्टि की गई। घटना पर विधायक फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान गुड्डू, जिला पंचायत सदस्य पंकज बोरा, नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने दुःख व्यक्त किया है।

