सीएम धामी से मिले दर्पण , बेरीनाग व गंगोलीहाट की समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन।

एनएचएल नेटवर्क📡
गंगोलीहाट। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर गंगोलीहाट और बेरीनाग क्षेत्र के विकास से जुड़ी पांच प्रमुख मांगों का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस वार्ता में क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाविद्यालय तक सड़क निर्माणः शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय, गंगोलीहाट तक सुगम आवाजाही के लिए पक्की सड़क के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
चौनाला में सीमेंट फैक्ट्रीः स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए चौनाला क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना का प्रस्ताव दिया गया, जिससे क्षेत्र के युवाओं को पलायन से रोका जा सके।
सड़क सुधारीकरण व डामरीकरणः गंगोलीहाट-पव्वाधार मुख्य मार्ग की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए इसके तत्काल सुधारीकरण और डामरीकरण का आग्रह किया गया।
सरयू नदी पर पुल निर्माणः सरयू नदी पर लंबे समय से लंबित पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की गई, ताकि ग्रामीणों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
मालिकाना हक का मुद्दाः बेरीनाग और चौकोड़ी के निवासियों को उनकी भूमि पर मालिकाना हक दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस पैरवी का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी मांगों को विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि इन प्रस्तावों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द बजट आवंटन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा किया जाए। वहीं सीएम धामी से मुलाकात के बाद दर्पण कुमार ने कहा कि गंगोलीहाट और बेरीनाग की जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।

