FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandउत्तराखंडचमोलीराज्य

देहरादून में उपचार के दौरान हुई थी परिजन की मौत, अंतिम संस्कार के लिए गांव लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा।

एनएचएल नेटवर्क 📡

चमोली। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चमोली जिले के देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के समीप शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार अपने मृत परिजन का शव देहरादून से अंतिम संस्कार के लिए गांव लेकर लौट रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब चार बजे ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह के पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे। वहीं बलबीर सिंह स्वयं अपने अन्य परिजनों के साथ एक ईको वैन में देहरादून से ग्राम बांक लौट रहे थे। ल्वाणी गांव के जंगल क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ईको वैन में कुल छह लोग सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों और घायलों के परिजन ग्राम बांक के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक स्वर्गीय भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार के लिए परिजन पार्थिव शरीर को गांव लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान परिवार के सदस्यों से भरा वाहन हादसे का शिकार हो गया। एक ही परिवार पर दुखों का यह दोहरा पहाड़ टूटने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार वाहन चालक का नियंत्रण खोने के बाद वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायल उपचाराधीन हैं। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सुबह ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चमोली से वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि गंभीर घायलों को जल्द से जल्द एयर एम्बुलेंस के जरिए हायर सेंटर भेजने की व्यवस्था की जा रही है ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

दुर्घटना में ग्राम बांक निवासी बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

एक ओर परिवार अपने दिवंगत सदस्य का अंतिम संस्कार करने गांव लौट रहा था, वहीं रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद ग्राम बांक सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Share This News