FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादून।मौसम

प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ का असर, 2 जून तक बारिश, गर्जन और तेज हवाओं के आसार;

एनएचएल नेटवर्क📡

 

उत्तराखंड में 2 जून तक मौसम सक्रिय रहने के आसार हैं। कई जिलों में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बीच बारिश और तेज हवाओं का असर, कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया।

प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ का असर, 2 जून तक बारिश, गर्जन और तेज हवाओं के आसार; तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में खराब मौसम के बीच हुआ दर्दनाक हादसा।

 

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान गढ़वाल मंडल के अधिकांश क्षेत्रों और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 65.5 मिमी वर्षा मोहकमपुर में रिकॉर्ड की गई, जबकि बेरीनाग में 31 मिमी बारिश हुई। मौसम के बदले मिजाज के बीच रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में 2 जून तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए ‘वॉच’ चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज शनिवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और तेज गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। राजधानी देहरादून में गुरुवार रात बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां गिर गईं। राजपुर रोड से मैगी प्वाइंट तक करीब 10 से 12 छोटे-बड़े पेड़ों और टहनियों को फायर सर्विस की टीम ने हटाकर यातायात सुचारु कराया। मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

तुंगनाथ-चोपता में बिजली गिरने से दो भाइयों की मौत

रुद्रप्रयाग जिले के विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक मौसम खराब होने से बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटना में लखनऊ निवासी दो भाइयों अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई की मौत हो गई। वहीं राजन मिश्रा और शुभम शुक्ला घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा गया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को शाम 4:17 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में कई लोग खराब मौसम के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर रवाना की गईं। राहत एवं बचाव दलों ने विषम परिस्थितियों के बीच अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

चमोली जिले में भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ हुई मूसलाधार बारिश से नारायणबगड़ बाजार से होकर बहने वाला केवर गदेरा उफान पर आ गया। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मुक्तेश्वर में सबसे अधिक 65.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यहां 3 मिमी ओलावृष्टि भी दर्ज हुई। विभाग का अनुमान है कि अगले एक से दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई, 1 जून और 2 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और बौछारें पड़ने की संभावना है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

Share This News