398 पदों पर भर्ती, 22 जून से शुरू होंगे आवेदन।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून, 15 जून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधीनस्थ सिविल एवं कुटुम्ब न्यायालयों में समूह ‘ग’ के कुल 398 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 78/उ०अ०से०च०आ०/2026 के अनुसार कनिष्ठ सहायक तथा आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कनिष्ठ सहायक (सिविल न्यायालय) के 230 पद, कनिष्ठ सहायक (कुटुम्ब न्यायालय) के 29 पद, आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय) के 128 पद तथा आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (कुटुम्ब न्यायालय) के 11 पद भरे जाएंगे। इस प्रकार कुल 398 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की दोनों ओर की प्रतियां तथा आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया के लिए वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय परीक्षा ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन पत्र में अपना सही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करें, क्योंकि परीक्षा एवं भर्ती से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं एसएमएस, ई-मेल तथा आयोग की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रवेश पत्र भी केवल आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे।आयोग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन और विस्तृत विज्ञापन की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध है।

