उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट,

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य के कई जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए 5 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। वहीं 4, 6, 7 और 8 जुलाई के लिए विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 जुलाई को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ सकते हैं।
5 जुलाई को मौसम और अधिक खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अत्यंत तीव्र बारिश होने की आशंका है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
6 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 7 जुलाई को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी वर्षा की संभावना है, जबकि 8 जुलाई को भी पर्वतीय जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा अनावश्यक पर्वतीय यात्रा से परहेज करने की अपील की है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

