मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी, रेड-ऑरेंज अलर्ट, 12 जिलों में स्कूल बंद।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून, उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और जलभराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों को राज्य के लिए बेहद संवेदनशील बताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
सोमवार को इन जिलों में रेड अलर्ट, कई जगह अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई (सोमवार) को भी प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा। देहरादून, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार जिलों में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन, सड़क बाधित होने, नदी-नालों के उफान पर आने और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका व्यक्त की गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश का रहेगा असर
मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में चट्टानें गिरने, मलबा आने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां बनने की आशंका भी जताई गई है।
येलो अलर्ट वाले जिलों में भी बरतनी होगी सतर्कता
इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा कुछ स्थानों पर तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं।
12 जिलों में सोमवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
मौसम विभाग की चेतावनी और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में 20 जुलाई (सोमवार) को अवकाश घोषित किया है। अब तक जारी आदेशों के अनुसार देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, चंपावत और चमोली जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा देर रात उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जिले में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस तरह कुल 12 जिलों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम
अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम, प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि अगले 24 से 48 घंटे मौसम के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील रहेंगे। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बंद होने और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की संभावना बनी रहेगी। वहीं मैदानी जिलों में जलभराव और तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
21 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को भी राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दिन देहरादून और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
22 और 23 जुलाई को बारिश जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 और 23 जुलाई को भी उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने, अनावश्यक पर्वतीय यात्रा करने और मौसम खराब होने पर जोखिम उठाने से बचने की अपील की है।

