berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

क्षेत्रीय मांगों को लेकर बेरीनाग में भड़का आक्रोश, शहीद स्मारक पर क्रमिक अनशन शुरू, व्यापार मंडल और महिलाओं ने संभाली कमान। 

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता। 

​अनशनकारियों ने कहा— ठोस कार्रवाई होने तक जारी रहेगा आंदोलन

​बेरीनाग। स्थानीय जनसमस्याओं और दीर्घकालिक क्षेत्रीय मांगों की अनदेखी से नाराज बेरीनाग के नागरिकों का सब्र अब जवाब देने लगा है। शहीद स्मारक परिसर में जारी धरना-प्रदर्शन ने सोमवार को और तीव्र रूप ले लिया, जहाँ व्यापार मंडल के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। आंदोलन के पहले ही दिन स्थानीय निवासियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और विशेष रूप से मातृशक्ति के अपार समर्थन ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

​सोमवार को आंदोलन के पहले चरण में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, गणेश रावत , पदमा धामी, शशिकला राठौर और हीरा देवी अनशन पर बैठे। अनशनकारियों ने हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन की उपेक्षात्मक नीति को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक उनकी वाजिब मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन कतई धीमा नहीं पड़ेगा। ​मातृशक्ति और युवाओं की भारी मौजूदगी से बढ़ा जनाधार ​धरना स्थल पर सुबह से ही समर्थन देने वालों का तांता लगा रहा। नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, अधिवक्ताओं और पूर्व सैनिकों ने एक सुर में आंदोलनकारियों का साथ दिया। शहीद स्मारक परिसर दिनभर नारेबाजी और जन-समर्थन से गूंजता रहा।

​आंदोलन को धार देने वालों में पूर्व कैप्टन मदन राम, प्रकाश कोरंगा, पुष्कर सिंह धामी, दीपक बोरा, चंद्र सिंह कभायत, दीपक पंत बिष्ट, पवन डांगी, राजकुमार शाह, राहुल पन्त, बलवन्त धानिक, गंगा सिंह सामन्त, करन रावत, अधिवक्ता सुमित पंत, अधिवक्ता माधव सिंह धामी, खुशाल सिंह कार्की, देवेन्द्र कालाकोटी मुख्य रूप से शामिल रहे।

​वहीं, बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने साबित कर दिया कि यह लड़ाई पूरे बेरीनाग के विकास से जुड़ी है। समर्थन देने वाली प्रमुख महिलाओं में कमला रावत, बबीता रावत, सृष्टी जोशी, निर्मला उप्रेती, चन्द्रकला दसौनी, तारा देवी, ज्योति कार्की, मंजू पंत, नीमा देवी, गरिमा मेहरा, गीता मेहरा, सरिता बाफिला, लीला मेहरा, लक्ष्मी मेहरा, मंजू गुसाईं, शोभा बिष्ट, पुष्पा गोस्वामी, राधिका गिरी, अंजना देवी, मीनाक्षी रावत, विश्र्वा कार्की, हेमा खनका, दया जया पाठक, धना गुसाईं, रेखा देवी, गीता उपाध्याय, देवकी उपाध्याय और सुधा खनका सहित दर्जनों नागरिक मौजूद रहे।

—————————-

​एनओसी और विभागीय कागजी कार्रवाई मिलते ही पूरी होंगी मांगें: विधायक

​चल रहे इस धरने और अनशन के संबंध में क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए बताया कि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि बेरीनाग नगर पालिका को महाविद्यालय सड़क का इस्टीमेट शहरी विकास मंत्रालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसे अभी तक नहीं भेजा गया है।

​अस्पताल की मांग पर बात रखते हुए विधायक टम्टा ने बताया कि बेरीनाग अस्पताल के उच्चीकरण की मांग को उन्होंने पहले ही मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करवा दिया है। वहीं तीसरी मांग विद्यालय फील्ड निर्माण की है, जिसके लिए अभी अनापत्ति प्रमाण पत्र का इंतजार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही अनापत्ति प्रमाण और विभागीय औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी, ये सभी मांगें तत्काल पूरी कर दी जाएंगी।

Share This News