सरकारी सी.सी. मार्ग तोड़े जाने से बुज्याड़ के ग्रामीणों में आक्रोश, एस.डी.एम. से की सख्त कार्रवाई की मांग।

गंगोलीहाट संवाददाता नीरज पंत।
गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ जिले के विकास खंड गंगोलीहाट अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरौली (बुज्याड़) में सरकारी बजट से निर्मित सार्वजनिक सी.सी. मार्ग और खड़ंजे को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एस.डी.एम.) गंगोलीहाट और थाना प्रभारी बेरीनाग को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण मदन सिंह के नेतृत्व में तहसील पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या 6 (बुज्याड़) में आम जनता की आवाजाही के लिए सरकारी मद से सी.सी. मार्ग व खड़ंजे का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि गांव के ही फकीर सिंह और उनकी पत्नी गीता देवी ने रंजिशवश नवनिर्मित रास्ते और उसकी सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया। इतना ही नहीं, दीवार के पत्थरों को अपने घर ले जाकर रास्ते पर घास-फूस डाल दी गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस तोड़फोड़ का विरोध किया तो आरोपी पक्ष अभद्रता और गाली-गलौज पर उतारू हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और आरोपियों को रास्ता तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, पुलिस के निर्देशों के बावजूद रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में स्थानीय पुलिस को शिकायत देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की सुस्ती से परेशान होकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है।
शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान रोमा देवी, मदन सिंह, बबीता बोरा, रेखा देवी, संजना बोरा, दलीप सिंह, धर्म सिंह, तारा, मंजू देवी, जोगा सिंह, मोहन सिंह, नीमा देवी और जानकी देवी समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान दर्ज हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से चेतावनी भरे लहजे में जल्द से जल्द रास्ता बहाल कराने और दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

