पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, घटनास्थल ले जाने पर भागने की कोशिश भी नाकाम

एनएचएल नेटवर्क📡
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने रुद्रपुर गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की तलाश के दौरान चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” संकल्प के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गैंगरेप मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। 27 जुलाई की देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और घेराबंदी होने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही जोगा सिंह पुत्र रंजीत सिंह (24) एवं रविंदर पुत्र फुम्मन सिंह (19), दोनों निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि 28 जुलाई को गैंगरेप प्रकरण (अभियोग संख्या 388/2026) में गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल का निरीक्षण और साक्ष्य संकलन कराने के लिए ले जाया गया था। इस दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित दोबारा हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को कोतवाली रुद्रपुर लाकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।

