महाविद्यालय में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों के आयोजन हेतु आहूत की गई बैठक।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अन्तर्गत प्रस्तावित गतिविधियों के आयोजन हेतु समस्त विभाग प्रभारियों के साथ एक बैठक आहूत की गई। बैठक में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने बताया कि शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छठीं वर्षगांठ के अवसर पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने महाविद्यालय के समस्त विभाग प्रभारियों को आयोजित होने वाले प्रस्तावित गतिविधियों के विषयगत क्षेत्र को भी विस्तार से बताया तथा गतिविधियों को ससमय सम्पन्न कराने के निर्देश दिये। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने “एन. ई. पी. शिक्षा से विकसित भारत” की अवधारणा, उद्देश्य तथा उपलब्धियों को स्थानीय निवासियों एवं आम जन-मानस में जागरुकता तथा जन सम्पर्क के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने हेतु दिशा-निर्देश भी दिया। बैठक में महाविद्यालय के समस्त विभाग प्रभारी, क्रीड़ा प्रभारी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

