शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध डॉ. भूपेश कुमार गोयल बने महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति।

गोरखपुर (नवनीत मिश्र)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। शिक्षा, चिकित्सा, शोध और प्रशासन के क्षेत्र में लंबे अनुभव रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 तथा विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम की धारा 2.04(क) के तहत की गई है। कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया है कि डॉ. गोयल के नेतृत्व में संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
नव नियुक्त कुलपति डॉ. भूपेश कुमार गोयल भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। सेवानिवृत्ति से पहले उन्होंने महानिदेशक (ऑर्गेनाइजेशन एंड पर्सोनल) के रूप में 14 हजार से अधिक अधिकारियों के मानव संसाधन प्रबंधन और संगठनात्मक पुनर्गठन की जिम्मेदारी निभाई। इससे पहले वह पुणे स्थित 1082 बेड वाले कमांड हॉस्पिटल (सदर्न कमांड) के साथ ही दिल्ली, बागडोगरा सहित कई प्रमुख सैन्य अस्पतालों का सफल नेतृत्व कर चुके हैं।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. गोयल को 35 वर्ष से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव प्राप्त है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप उनके पास 28 वर्ष से अधिक का शिक्षण अनुभव भी है। उन्होंने 11 शोध परियोजनाओं का संचालन किया है, जबकि उनके 28 शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में वह विशेषज्ञ वक्ता और संसाधन व्यक्ति के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉ. भूपेश कुमार गोयल को वर्ष 2024 में राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) तथा वर्ष 2011 में विशिष्ट सेवा पदक (वीएसएम) से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में कमांड हॉस्पिटल, पुणे को रक्षा मंत्री ट्रॉफी सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि डॉ. भूपेश कुमार गोयल का व्यापक प्रशासनिक, शैक्षणिक, शोध और चिकित्सा अनुभव महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

