FEATUREDGeneralLatestNewsppउत्तर प्रदेशगोरखपुरराज्य

नशा युवाओं की प्रतिभा और भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन: डॉ. ओम प्रकाश सिंह।

गोरखपुर ( संवाददाता नवनीत मिश्र)। दिग्विजय नाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोरखपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एनएसएस की राज्य समन्वयक डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा। उन्होंने स्वयंसेवकों से नशा उन्मूलन के लिए गांव-गांव और समाज के हर वर्ग तक जागरूकता पहुंचाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एनएसएस के समन्वयक प्रो. सतपाल सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि श्रेष्ठ चरित्र और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, ऊर्जा और भविष्य को नष्ट कर देता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ, राष्ट्रसंत अवैद्यनाथ, मां सरस्वती और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। चांदनी मिश्रा एवं उनकी टीम ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

अतिथियों का स्वागत डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. सरिता सिंह और डॉ. रवीन्द्र कुमार ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि अंत में डॉ. संजय त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Share This News