ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग 38 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल, पिंडर घाटी में 40 घंटे बाद लौटी बिजली।

हरेंद्र बिष्ट की रिर्पोट।
थराली। पिंडर घाटी की जीवन रेखा कहे जाने वाले ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमसोड के पास छाया संकट आखिरकार टल गया है। शुक्रवार देर शाम करीब 38 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र के निवासियों ने राहत की सांस ली है। वहीं, भूस्खलन के कारण ठप पड़ी बिजली आपूर्ति को भी ऊर्जा निगम ने 40 घंटे बाद बहाल करने में सफलता हासिल की है।
150 से 200 मीटर पहाड़ी खिसकने से ठप हुआ था मार्ग
गुरुवार तड़के आमसोड़ के पास एक विशाल चट्टान टूटने से लगभग 150 से 200 मीटर क्षेत्र में पूरी पहाड़ी खिसककर सड़क पर आ गिरी थी। मार्ग पर बड़े-बड़े बोल्डर, पेड़ और भारी मात्रा में मलबा जमा हो जाने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई थी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मशीनों के जरिए मलबा हटाने का कार्य शुरू किया और शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मार्ग को सुचारू कर दिया।
तीन ब्लॉकों में छाया था अंधेरा, ऊर्जा निगम ने नई लाइन बिछाकर लौटाई बिजली
पहाड़ी खिसकने के कारण 132 केवी सब-स्टेशन सिमली से नारायणबगड़, थराली और देवाल को जोड़ने वाली 33 केवी विद्युत लाइन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे पिंडर घाटी के तीनों ब्लॉकों में अंधेरा छा गया था।
ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी (SDO) अतुल कुमार ने बताया कि सड़क मार्ग खुलते ही निगम की टीम ने त्वरित कदम उठाते हुए नए पोल गाड़े और नई विद्युत लाइन खींचकर शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

