सर्पदंश से व्यक्ति की मौत, अस्पताल कर्मियों के अभद्र व्यवहार पर ग्रामीणों में रोष।

गणाई संवाददाता कुन्दन मेहता।
— गणाई पीएचसी में परिजनों से ही स्ट्रेचर खिंचवाने और कैंची थमाने का आरोप; ग्राम प्रधान ने उठाई स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता और नैतिकता की मांग
गणाई (पिथौरागढ़): ग्राम पंचायत जमतोला के मध्य ताल निवासी 50 वर्षीय कुंदन लाल पुत्र गुनसाई राम की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। इस दुखद घटना के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) गणाई के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीज और परिजनों के साथ किए गए कथित अशोभनीय व्यवहार को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
अस्पताल पहुंचने में हुई देरी-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 7 अगस्त की शाम लगभग 7 बजे कुंदन लाल खेतों से काम कर घर लौट रहे थे, तभी उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों द्वारा शुरुआती समय में घरेलू जड़ी-बूटी व झाड़-फूंक का सहारा लेने के कारण अस्पताल ले जाने में विलंब हुआ। रात्रि लगभग 8:45 बजे ग्राम प्रधान चंदन सिंह मेहता को सूचना मिलने पर पीड़ित को निजी वाहन से अस्पताल के लिए रवाना किया गया। हालांकि, भट्टीगांव–ताल सिमोली मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण मरीज को रात्रि 10 बजे ही पीएचसी गणाई पहुंचाया जा सका।
स्वास्थ्यकर्मियों पर संवेदनहीनता का आरोप-
ग्राम प्रधान के अनुसार, अस्पताल प्रशासन को पूर्व में सूचना देने और ड्यूटी बोर्ड पर डॉ. शशांक शेखर कविदयाल की तैनात रहने के बावजूद मरीज को रिसीव करने कोई स्वास्थ्यकर्मी बाहर नहीं आया। परिजनों को खुद अस्पताल के अंदर से स्ट्रेचर लाना पड़ा तथा मरीज को वाहन से उतारकर बेड तक पहुंचाना पड़ा। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात नर्स दूर खड़े होकर केवल निर्देश देती रहीं।
हद तो तब हो गई जब ड्यूटी डॉक्टर ने मरीज के पैर में बंधी पट्टियां काटने के लिए कैंची परिजनों के हाथ में थमा दी। जब ग्राम प्रधान ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह कार्य स्वास्थ्य कर्मियों का है, तो आरोप है कि चिकित्सक अभद्र व्यवहार पर उतर आए और पुलिस में शिकायत की धमकी देकर उन्हें बाहर जाने को कह दिया।
चिकित्सा नैतिकता पर उठे सवाल-
मामले में ग्राम प्रधान चंदन सिंह मेहता ने स्पष्ट किया कि वे मौत के लिए अस्पताल प्रशासन को सीधा जिम्मेदार नहीं ठहराते, क्योंकि अस्पताल पहुंचने में काफी देर हो चुकी थी। लेकिन उन्होंने अस्पताल कर्मियों के रवैये पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा, “चिकित्सकीय सेवा केवल दवा देने तक सीमित नहीं है। इसमें संवेदनशीलता, करुणा और चिकित्सा नैतिकता (Medical Ethics) का होना अत्यंत आवश्यक है। जब कोई जीवन और मृत्यु से जूझ रहा हो, तब स्वास्थ्यकर्मियों का ऐसा व्यवहार परिजनों के मानसिक कष्ट को और बढ़ा देता है।”
ग्रामीणों ने की कार्रवाई और व्यवस्था सुधार की मांग-
घटना के बाद ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से आपातकालीन सेवाओं के दौरान मरीजों व उनके तीमारदारों के साथ मानवीय व जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने दिवंगत कुंदन लाल के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

