FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandथराली

देवाल में विधायक टम्टा के नेतृत्व में धूमधाम से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ बाजार।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।

​थराली। विकासखंड देवाल में स्कूली बच्चों, आम नागरिकों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के जयकारों के बीच निकाली गई इस यात्रा से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

​आयोजन के तहत राजकीय इंटर कॉलेज देवाल, कन्या हाईस्कूल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, शिशु मंदिर, विद्या मंदिर, गुरुवार रामराय एवं हिमालयन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ ही भाजपा पदाधिकारी देवाल टैक्सी स्टैंड पर एकत्र हुए। इसके बाद विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत और भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा के नेतृत्व में रैली रवाना हुई। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागी ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर अर्पण मार्केट, मुख्य बाजार और एसबीआई बाजार होते हुए बाजार के अंतिम छोर तक पहुंचे। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं के ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा देवाल क्षेत्र गुंजायमान रहा।

​कार्यक्रम के समापन पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने रैली में शामिल सभी विद्यार्थियों व लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य जन-जन में देशभक्ति की भावना का संचार करना है। इस अवसर पर वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं की जानकारी भी जनता के साथ साझा की।

​इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदा देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र बिष्ट, लखन रावत, गणेश मिश्रा, गोविंद सोनी, मोहन बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, सुबोध फर्स्वाण, जीतेंद्र बिष्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सूरज खत्री सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This News