भाजपा की मानसिकता के विरोध में बेरीनाग में कांग्रेस की बैठक, संविधान विरोधी सोच का लगाया आरोप।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी दौरे के दौरान उनके संबोधन वाले मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने की घटना के विरोध में बेरीनाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में वक्ताओं ने घटना पर कड़ा रोष जताया। बैठक को संबोधित करते हुए अमित पाठक ने कहा कि देश आज आजादी के 80 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है, लेकिन हल्द्वानी जैसे शहर में इस प्रकार की घटना भाजपा की भेदभावपूर्ण एवं संकीर्ण मानसिकता को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि यह सोच सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ है। घटना की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य का पुरजोर विरोध करती रहेगी।
बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसे सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया। उन्होंने संविधान में निहित समानता और सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पंत, जिला पंचायत सदस्य पंकज बोरा, मोती सिंह धानिक, भगवान सिंह कठायत, प्रकाश जोशी, सुनील कुमार, कुन्दन राम, ललित उप्रेती सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

