राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर गोष्ठी आयोजित।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य वक्ता की भूमिका महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने निभाई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय ने कहा कि यह दिवस भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान नागरिकों द्वारा झेले गए दर्द, उनके संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि अतीत की इन त्रासदियों से सीख लेकर ही समाज में सामाजिक सद्भावना और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। विभाजन के दौरान विभिन्न धर्मों और जातियों के लगभग 20 लाख लोगों ने अपनी जान गंवाई थी, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। इसके साथ ही उन्होंने प्रथम एवं द्वितीय विश्वयुद्ध के ऐतिहासिक संदर्भों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रेम की भावना सदैव जीवित रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. लीलाधर मिश्र एवं डॉ. दीप्ति मिश्रा ने भी अपने विचार साझा किए। मंच संचालन डॉ. सुनील पंत ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य और इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मण सिंह देव, डॉ. अमन वर्मा, डॉ. कवीन्द्र सिंह बोरा, डॉ. कल्पना, डॉ. मुकेश लाल शाह, डॉ. रेनू टम्टा सहित महाविद्यालय के कई प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

