पिथौरागढ़ में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ की जनपद स्तरीय चौपाल आयोजित, उत्कृष्ट उद्यमियों का हुआ सम्मान।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। विकास भवन सभागार में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ के तहत जनपद स्तरीय चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील उद्यमियों, ‘लखपति दीदियों’ और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभा रही है। चौपाल में आए उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन, विपणन और वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उत्पादों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेगा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, कनालीछीना ब्लॉक प्रमुख महिमन सिंह कन्याल, गंगोलीहाट ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, डीएफओ आदित्य रत्न, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा समेत कई विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी मौजूद रहे।

