पिथौरागढ़: सीमांत गांवों में मुनस्यारी पुलिस का जन जागरूकता अभियान, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ किया सचेत।

पिथौरागढ़ संवाददाता
पिथौरागढ़। दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से मुनस्यारी पुलिस ने विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीमांत गांवों का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीणों को साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणामों और नागरिक पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी के मामलों, नए-नए साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध लिंक या अज्ञात कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
इसके साथ ही, युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करता है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी नुकसान पहुंचाता है।

डिजिटल सेवाओं और सत्यापन पर जोर
ग्रामीणों को पुलिस की डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए टीम ने उत्तराखंड पुलिस एप, सिटीजन पोर्टल और ‘गौरा शक्ति एप’ के उपयोग की जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि वे घर बैठे ही इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत किरायेदार सत्यापन, घरेलू नौकर सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र और अन्य ऑनलाइन नागरिक सुविधाओं की प्रक्रिया समझाते हुए सत्यापन अवश्य कराने का आग्रह किया गया।

