सड़क न होने से डोली से सड़क तक पहुंची प्रसूता, मौसम खराब होने से हेलीकॉप्टर भी लौटा वापस।

हरेन्द्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/देवाल: विकास खंड देवाल के सुदूरवर्ती गांव पिनाऊ में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों पर भारी पड़ रहा है। सड़क सुविधा न होने के कारण एक 33 वर्षीय प्रसूता को परिजनों और ग्रामीणों ने 6 किलोमीटर पैदल चलकर डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाया। विडंबना यह रही कि प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद खराब मौसम के चलते एयर एंबुलेंस (हेलीकॉप्टर) मदद नहीं पहुंचा सका और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक न मिलने से परिजनों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
6 किमी पैदल चलकर डोली के सहारे पहुंचीं बलाण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू के गांव पिनाऊ की निवासी प्रसूता खिमली देवी (33) पत्नी धन सिंह को बुधवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। गांव सड़क मार्ग से आज भी महरूम है और ग्रामीणों को सड़क तक पहुंचने के लिए कम से कम 6 किलोमीटर का जोखिम भरा पैदल रास्ता तय करना पड़ता है।
मौसम बना बाधा, बीच रास्ते से लौटा हेलीकॉप्टर
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा से संपर्क साधा। विधायक की पहल पर प्रसूता को रेस्क्यू करने के लिए तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई और हेलीकॉप्टर ने घेस घाटी के लिए उड़ान भी भर ली। लेकिन क्षेत्र में घना कोहरा, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण हेलीकॉप्टर को आधे रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।
पीएचसी देवाल में नहीं मिले डॉक्टर, एंबुलेंस के लिए 2 घंटे इंतजार
हेली सेवा की उम्मीद टूटने के बाद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए महिला को डोली पर बैठाया और 6 किमी पैदल चलकर बलाण गांव पहुंचे। वहां से वाहन के जरिए महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) देवाल लाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर परिजनों के होश उड़ गए, जब पता चला कि पीएचसी में तैनात एकमात्र चिकित्सक परीक्षाओं के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं और केंद्र में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद एक एएनएम अस्पताल पहुंची और महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया। परिजनों को एंबुलेंस के लिए भी करीब दो घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके बाद एंबुलेंस से प्रसूता को जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया।
विधायक का बयान:
”प्रसूता को तुरंत चिकित्सालय पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करा दी गई थी और उसने घेस घाटी के लिए उड़ान भी भर ली थी। किंतु क्षेत्र में मौसम अत्यंत खराब होने और विजिबिलिटी काफी कम होने के कारण मजबूरन हेलीकॉप्टर को आधे रास्ते से ही लौटना पड़ा।”
— भूपाल राम टम्टा, विधायक थराली

