राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को होगी आयोजित।

गंगोलीहाट संवाददाता
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़): राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक प्री-बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन ने की।
बैठक के दौरान सिविल जज रजनीश मोहन ने अधिवक्ताओं के साथ अधिक से अधिक वादों का लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और अधिवक्ताओं से आपसी सहमति से अधिक से अधिक मुकदमों का निपटारा करने का आह्वान किया।
इस प्री-बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगत सिंह मेहरा, सचिव मनोज रावल, राजेंद्र डोबाल, अभियोजन अधिकारी शोभित कुमार शर्मा, पुलिस उपनिरीक्षक शांति प्रकाश, कोर्ट मोहर्रिर मनोज भट्ट, कोतवाली बेरीनाग से मोहन भट्ट, न्यायालय के पेशकार संजय कुमार पाठक तथा वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह ऐर सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

