berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

मनगढ़ आपदा पीड़ितों के विस्थापन और सुरक्षा की उठी मांग, पूर्व दर्जाधारी मंत्री ने दी धरना प्रदर्शन की चेतावनी।

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग: मनगढ़ गांव में खड़िया खनन के कारण आई आपदा और लगातार मंडरा रहे खतरे को लेकर पूर्व दर्जाधारी मंत्री खजान गुड्डू ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सरकार पर आपदा प्रभावितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों के शीघ्र विस्थापन और सुरक्षा की मांग की है।

​पूर्व दर्जाधारी मंत्री खजान गुड्डू ने कहा कि दो वर्ष पूर्व खड़िया खनन के कारण गांव में भीषण आपदा आई थी, जिसमें कई मकान जमींदोज हो गए थे। लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी न तो प्रभावितों को अब तक कोई मुआवजा मिला है और ना ही सरकार द्वारा उनके विस्थापन की कोई ठोस कार्रवाई की गई है।

​उन्होंने बताया कि दो वर्ष बाद एक बार फिर खड़िया खनन के चलते पूरा गांव खतरे की जद में आ गया है। ग्रामीण पिछले दो सालों से लगातार सुरक्षा और विस्थापन की गुहार लगा रहे हैं, मगर सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अनदेखी के कारण आज स्थिति यह है कि ग्रामीणों को बेघर होना पड़ रहा है और उनकी खड़ी फसलें भी आपदा की भेंट चढ़ चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय भाजपा विधायक का गृह क्षेत्र होने के बावजूद उन्होंने भी ग्रामीणों की कोई सुध नहीं ली।

​आंदोलन की चेतावनी

खजान गुड्डू ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आपदा प्रभावितों का विस्थापन नहीं किया गया और गांव की सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, तो वह ग्रामीणों को साथ लेकर तहसील कार्यालय से लेकर स्थानीय भाजपा विधायक और मंत्रियों के आवासों का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे।

Share This News