नंदा देवी लोकजात व बड़ीजात यात्रा: संवेदनशील मार्ग और बारिश के बीच पुलिस अलर्ट, चमोली SP ने चेपड़ो में जवानों को दिए सख्त निर्देश।

थराली (हरेंद्र बिष्ट)। नंदा देवी की लोकजात और बड़ीजात यात्रा को लेकर जारी खींचतान के बीच पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। दोनों ही यात्राओं में देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चमोली के पुलिस अधीक्षक (SP) सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो मैदान में पुलिस बल को ब्रीफ किया और यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए।
सुरक्षा और व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए थराली क्षेत्र के पूरे यात्रा मार्ग को 1 जोन और 4 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर SDRF के साथ-साथ पूर्व में यात्रा का अनुभव रखने वाले जवानों की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष पर्वतारोही पुलिस दल (Mountaineering Police Team) भी तैनात किया गया है।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा:
”मां नंदा जात यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण और आस्था से जुड़ी यात्रा है, जिसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। बारिश के मौसम के कारण यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन बनी हुई है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम तथा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने जवानों से अपील की कि यात्रा में शामिल होने वाले हर श्रद्धालु को अपेक्षा के अनुरूप सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि आस्था की यह कठिन डगर सकुशल पूरी हो सके।
इस मौके पर थराली के उपजिलाधिकारी (SDM) यशवीर सिंह रावत सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

