उत्तराखंड: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन, मीडिया जगत में शोक।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़/नैनीताल: नैनीताल जनपद के सूचना केंद्र में तैनात जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से पत्रकारिता जगत और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद की गंगोलीहाट तहसील स्थित पोखरी गांव के निवासी गिरजा शंकर जोशी वर्तमान में हल्द्वानी मीडिया सेंटर के इंचार्ज के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी जिला सूचना अधिकारी के पद पर कुशलतापूर्वक कार्य किया था।
पिथौरागढ़ नगर के टकाना क्षेत्र के निवासी जोशी अपनी कार्यशैली, बेहद मिलनसार स्वभाव और कर्मठता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत समेत पूरे क्षेत्र के पत्रकारों व सहकर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय मीडियाकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

