थराली: तमाम कयासों पर विराम, धरा तल्ला पहुंची बधाण की नंदादेवी उत्सव डोली; अल्मोड़ा राज दल की भेंट न होने से निराशा।
हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली (चमोली) मां नंदादेवी राजराजेश्वरी बधाण थराली की उत्सव डोली तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए शनिवार को अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 8वें पड़ाव ‘धरा तल्ला’ (देवाल विकास खंड) पहुंच गई है। इसके साथ ही अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि बधाण की नंदा देवी राजराजेश्वरी इस बार लोकजात यात्रा ही करेंगी। यात्रा कार्यक्रम के तहत डोली को आगामी प्रवास के लिए नंदाधाम नंदकेसरी पहुंचना है।
चेपड़ो में विशेष पूजा और देवी का अवतार
शनिवार सुबह 7वें पड़ाव चेपड़ो गांव में पिंडर क्षेत्र के थोकदारों और कांसवा के राज प्रतिनिधियों ने मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की। दोपहर करीब 12 बजे नंदा के पश्वाह (धियाणी) के साथ कई महिलाओं और बालिकाओं पर देवी अवतरित हुईं, जिन्होंने नृत्य कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
अपराह्र 1 बजे चेपड़ो से विदाई के समय एक दर्जन से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं ने खाजा, कलेऊं, काखड़ी और मुगरी अर्पित कर देवी की स्तुति की। इस दौरान कांसवा के राज प्रतिनिधि कुंवर जय विक्रम सिंह, थोकदार त्रिलोक सिंह बुटोला, पृथ्वी सिंह बुटोला, मंदिर समिति देवराड़ के अध्यक्ष भुवन हटवाल, कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेश गौड़ और पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़ सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
ऊणी और कोठी गांव में भव्य स्वागत
चेपड़ो से रवाना होकर यात्रा ऊणी गांव के नीचे पहुंची, जहां ऊणी, कल्याणी, चिड़िगा और जोला के ग्रामीणों ने डोली का स्वागत किया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे यात्रा भोजन के लिए कोठी गांव पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा कर मनोकामनाएं मांगी। तत्पश्चात केंद्रीय समिति और मंदिर समिति कुरूड़ के नए शेड्यूल के तहत यात्रा रात्रि प्रवास के लिए धरा तल्ला गांव पहुंची।
अल्मोड़ा से आए राज प्रतिनिधियों को बिना दर्शन लौटना पड़ा
यात्रा के दौरान एक अप्रत्याशित घटनाक्रम भी देखने को मिला। कुमाऊं (अल्मोड़ा) से अपनी कुलदेवी नंदा को ध्वजा समर्पित करने पहुंचे राजा के प्रतिनिधियों का दल देव डोली से भेंट नहीं कर पाया।
जिस समय यह दल थराली-देवाल-वांण मोटर मार्ग से गुजर रहा था, उस वक्त डोली ऊंणी गांव के पास चबूतरे पर विराजमान थी। लेकिन जानकारी के अभाव में दल सीधे चेपड़ो गांव चला गया, जहां उन्होंने नंदा शिला की पूजा की और बिना डोला दर्शन व सार्वजनिक रूप से ध्वज अर्पित किए ही वापस लौट गया। दल के साथ आए रणबांकुरे भी अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोकनृत्य का प्रदर्शन नहीं कर सके।
प्रशासनिक सतर्कता और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी
यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एएसपी आशीष भारद्वाज, सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा और थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
वहीं ऊंणी गांव के पास देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत और ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नंदा डोली का जोरदार स्वागत किया।


