FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

रामगंगा घाटी: 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मुवानी में उग्र हुआ जनआंदोलन, बाजार बंद कर क्रमिक अनशन शुरू।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​मुवानी (उत्तराखंड): रामगंगा घाटी की उपेक्षा और क्षेत्रीय समस्याओं के विरोध में स्थानीय जनता का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा है। अपनी 15 सूत्रीय सूत्रीय मांगों को लेकर रामगंगा घाटी विकास संघर्ष समिति के बैनर तले क्षेत्रवासियों ने मुवानी बाजार में विशाल जुलूस निकालकर क्रमिक अनशन की शुरुआत की।

​बोरायजर से चौसाली बाजार तक निकले इस जुलूस में ग्रामीणों ने भारी हुंकार भरी। आंदोलन को व्यापार संघ का भी पूर्ण समर्थन मिला, जिसके चलते दोपहर तक पूरे मुवानी बाजार के प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे।

​तीन दिन का अल्टीमेटम, फिर आमरण अनशन

​संघर्ष समिति के अध्यक्ष कमल दीप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शुरू हुए इस अनशन में पहले दिन कमल दीप सिंह, राम सिंह राठौर, शोभन कार्की, मेहर सिंह कठायत और त्रिलोक बोरा क्रमिक अनशन पर बैठे।

​जनसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कमल दीप ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में यह आंदोलन तीन दिनों तक गांधीवादी तरीके से क्रमिक अनशन के रूप में चलेगा। यदि शासन-प्रशासन ने समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया, तो इसे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन में बदल दिया जाएगा।

​छावनी में तब्दील हुआ मुवानी बाजार

​आंदोलन की संवेदनशीलता और भारी जनसैलाब को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। सुरक्षा के लिहाज से मुवानी बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र छावनी जैसा नजर आया।

​मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों का मिला साथ। 

​आंदोलन के दौरान आयोजित सभा में विभिन्न वक्ताओं ने विचार रखे:

  • ​पूर्व सैनिक संगठन: भूतपूर्व कैप्टन श्याम सिंह कार्की ने पूर्व सैनिकों की ओर से आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
  • ​मातृशक्ति का आह्वान: भावना बिष्ट ने क्षेत्र की नारियों से इस लड़ाई में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
  • ​ऐतिहासिक संदर्भ: उप ग्राम प्रधान शोभन कार्की ने पूर्व में हुए सफल आंदोलनों की याद दिलाते हुए जनता का उत्साहवर्धन किया।
  • ​मंच संचालन: हंस पाल ने क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए सरकार से सभी मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
  • ​अपील: समिति के कोषाध्यक्ष राम सिंह राठौर ने सभी से एकजुटता बनाए रखने का आग्रह किया।

​इस विरोध प्रदर्शन में व्यापार संघ अध्यक्ष सुमित पाल, संजय भट्ट, सूरज गोरखा, नवीन बसेड़ा, राहुल सोनार, मीना देवी, माधवी देवी, ललिता डोबाल, मंजू पुजारा समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Share This News