प्रशासनिक अनदेखी पर भारी भक्तों की आस्था, बिना सुविधाओं के निर्जन पड़ावों की ओर बढ़ी श्री नंदादेवी बड़ी जात व लोकजात यात्रा।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली (चमोली): श्री नंदादेवी बड़ी जात और लोकजात यात्रा गुरुवार को यात्रा मार्ग के अंतिम आबादी वाले गांव वांण से निकलकर निर्जन पड़ाव गैरोलीपातल में प्रवेश करेगी। इसी के साथ यात्रा में शामिल हजारों नंदा भक्तों की कड़ी परीक्षा भी शुरू हो जाएगी। एक तरफ जहां ग्राउंड जीरो पर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शौचालय और ठहरने जैसे बुनियादी इंतजाम करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक उपेक्षा के बावजूद श्रद्धालुओं के हौसले बुलंद हैं।
- 2026 में यात्रा स्थगित होने से बना असमंजस
दरअसल, प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली लोकजात और 12 वर्षों में होने वाली राजजात (बड़ी जात) को लेकर 2025 में मुख्यमंत्री स्तर की बैठकों में 2026 की राजजात की तैयारियों के निर्देश दिए गए थे। लेकिन ऐन वक्त पर नौटी राजजात समिति और सरकार ने एकतरफा फैसला लेते हुए 2026 में प्रस्तावित राजजात को 2027 तक के लिए स्थगित कर दिया। सर्वमान्य सहमति न बनने पर सिद्धपीठ कुरूड़ से 2026 में ही ‘बड़ी जात’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
- जनसैलाब से चमोलीवासी हैरान, इतिहास रचने की ओर यात्रा
पिछले तीन महीनों के प्रचार-प्रसार के बाद, इस बार नंदा की बड़ी जात और बधाण की लोकजात यात्रा में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड हुजूम उमड़ पड़ा है। थराली, देवाल, ग्वालदम और नंदकेशरी के रास्तों पर बुधवार सुबह से ही यात्रियों का तांता लगा हुआ है। नंदानगर (घाट) से आ रही नंदादेवी दशोली परगना, बण्ड परगना और ज्वालपा देवी की उत्सव डोलियों के साथ-साथ सैकड़ों नंदा छतोलियां भी कैलाश गमन के लिए निकल चुकी हैं। अनुमान है कि गुरुवार (17 सितंबर) को गैरोलीपातल और वेदनी बुग्याल पहुंचने तक यह आंकड़ा कई हजारों में बदल जाएगा।
- 4 रातें निर्जन पड़ावों में गुजारेंगे श्रद्धालु, सरकारी तैयारियां शून्य
बधाण की नंदादेवी की डोली सप्तमी को वेदनी कुंड में तर्पण के बाद सिद्धपीठ देवराड़ा लौटेगी, जबकि दशोली, बण्ड और ज्वालपा देवी की डोलियां आगे होम कुंड के लिए प्रस्थान करेंगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को गैरोलीपातल, वेदनी, पातरनचौनियां, बगवाबासा और शीलासमुद्र जैसे पूरी तरह से निर्जन क्षेत्रों में कम से कम 4 रातें बितानी होंगी।
हैरानी की बात यह है कि सरकार ने मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी तो लगा दी है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के नाम पर हाथ खींच लिए हैं। आलम यह है कि खुद पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी अपनी व्यवस्थाओं के लिए दूसरों पर आश्रित हैं।
- आस्था के बल पर बढ़ रहे कदम
2000 और 2014 की राजजात यात्राओं में सरकारी व्यवस्थाओं का अनुभव रखने वाले कई श्रद्धालु इस बार अपने साथ स्लीपिंग बैग, मैट्रेस और सूखा राशन खुद ही लेकर चल रहे हैं। पैदल मार्गों की बदहाली और सुविधाओं के अभाव के कारण यात्रियों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। इसके बावजूद, देवी नंदा के प्रति अटूट विश्वास और भक्तों का उत्साह यह साबित कर रहा है कि यह यात्रा सरकारी लाचारी नहीं, बल्कि जन-आस्था के बल पर अपने मुकाम तक पहुंचेगी।

