FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

तलवाड़ी डिग्री कॉलेज और हैशटैग बिलीवर फाउंडेशन के बीच एमओयू साइन, छात्रों को मिलेगा रोजगारपरक व्यावसायिक प्रशिक्षण।

​थराली से हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट 

थराली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में छात्र-छात्राओं के कौशल विकास और करियर संवर्धन को लेकर एक अहम कदम उठाया गया है। महाविद्यालय और ‘हैशटैग बिलीवर फाउंडेशन’ के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद तथा फाउंडेशन की ओर से अध्यक्षा कंचन रावत ने हस्ताक्षर किए।

​15 अक्टूबर से शुरू होंगे विशेष प्रशिक्षण सत्र

प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एमओयू के तहत 15 अक्टूबर से 15 जनवरी 2027 के बीच छात्र-छात्राओं के लिए विविध प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत युवाओं को स्किल डेवलपमेंट, इवेंट मैनेजमेंट, कंप्यूटर ट्रैकिंग और होमस्टे प्रबंधन जैसे कई व्यावसायिक और व्यावहारिक क्षेत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, ‘युवान फेलोशिप कार्यक्रम’ के माध्यम से कौशल विकास से जुड़े कई रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

​छात्रों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

फाउंडेशन की अध्यक्षा कंचन रावत ने छात्र-छात्राओं से आगामी सभी कौशल विकास सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने हुनर को निखारने की अपील की।

​कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए महाविद्यालय स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें डॉ. प्रतिभा आर्या को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं करियर काउंसिल सेल से सुधा राना, उद्यमिता विकास से मनोज कुमार और एल्युमनाई संगठन से रजनीश कुमार को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष विवेक रावत, कनिष्ठ प्रमुख (थराली) राजेश चौहान, मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी और हुकुम सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Share This News