FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: एनएच-09 घाट बैंड पर भारी भूस्खलन, प्रशासन अलर्ट; एडीएम ने युद्ध स्तर पर मार्ग खोलने के दिए निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 स्थित घाट बैंड पर लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार सुबह अपर जिलाधिकारी (एडीएम) योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक जीबी जोशी सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।

​मौके का निरीक्षण करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि एनएच-09 पिथौरागढ़ की जनता के लिए ‘लाइफ लाइन’ है, इसलिए इसे बहाल करने में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नेशनल हाईवे (NH) के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

​प्रशासन द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:

​यातायात और कार्य साथ-साथ: एडीएम ने निर्देश दिए कि मलबा हटाने का काम इस तरह किया जाए जिससे मार्ग बहाली के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित रूप से सुचारू रहे।

  • ​रैंप तकनीक और अतिरिक्त मशीनें: ऊपर से रैंप बनाकर सड़क साफ करने की रणनीति अपनाने तथा कार्यस्थल पर भारी मशीनों की संख्या तुरंत बढ़ाने को कहा गया। बारिश थमते ही दोनों सिरों से मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ​स्थाई समाधान की तलाश: बार-बार हो रहे लैंडस्लाइड से निपटने के लिए अधिकारियों को इस डेंजर जोन का ठोस और स्थाई तकनीकी समाधान खोजने के निर्देश दिए गए।

​पत्थरों के गिरने से कार्य में बाधा

​एनएच लोहाघाट के सहायक अभियंता डी.एस. जरमाल ने मौके पर बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ी से लगातार बोल्डर और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मलबा हटाने के कार्य में जोखिम और रुकावट आ रही है। हालांकि, मौसम अनुकूल होते ही टीम पूरी क्षमता के साथ मार्ग खोलने में जुट रही है।

​प्रशासन की जनता से अपील

​खराब मौसम को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि प्रतिकूल परिस्थितियों में अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का संज्ञान लेने के बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Share This News