FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandथल

पहाड़ में 500 से अधिक सुरक्षित प्रसव कराने वाली 95 वर्षीय ‘दाई मां’ कुशली देवी का निधन, क्षेत्र में शोक।

थल से अर्जुन रावत की रिपोर्ट। 

​थल (पिथौरागढ़) पहाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में बिना किसी आधुनिक सुविधा के सैकड़ों जिंदगियों को सुरक्षित दुनिया में लाने वाली वरिष्ठ दाई मां कुशली देवी कार्की का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने थल तहसील के ग्राम जुजौली स्थित अपने पैतृक आवास पर 27 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे अंतिम सांस ली। सोमवार सुबह रामगंगा और क्रांति नदी के त्रिवेणी संगम पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • ​बिना डिग्री और संसाधन, 5-6 दशकों तक निभाई जीवनदायिनी की भूमिका

कुशली देवी ने अपने जीवन के करीब पांच से छह दशक समाज सेवा को समर्पित कर दिए। उस दौर में जब पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का भारी अभाव था और नजदीकी अस्पताल मीलों दूर हुआ करते थे, कुशली देवी गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे बड़ा संबल बनकर उभरीं। बिना किसी औपचारिक चिकित्सकीय प्रशिक्षण या सरकारी पद के, उन्होंने केवल अपने पारंपरिक अनुभव और निस्वार्थ सेवा भाव से 500 से अधिक सुरक्षित प्रसव कराए।

  • ​विषम परिस्थितियों में भी नहीं रोके कदम

कड़कड़ाती ठंड, मूसलाधार बारिश या आधी रात की विषम परिस्थितियां—कुशली देवी ने कभी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए पीछे कदम नहीं खींचे। पुकार मिलते ही वे दुर्गम रास्तों को पार कर सेवा के लिए पहुंच जाती थीं।

​स्थानीय लोगों का कहना है कि भले ही उन्हें जीवनकाल में कोई बड़ा सरकारी सम्मान या औपचारिक पहचान न मिली हो, लेकिन सैकड़ों परिवारों की खुशियां और बचाए गए जच्चा-बच्चा के जीवन ही उनकी सबसे अमूल्य विरासत हैं। उनका 95 वर्षीय जीवन त्याग, संघर्ष और मानवीय संवेदना की एक मिसाल के रूप में सदैव याद रखा जाएगा।

Share This News