गंगोलीहाट में चिकित्सकों की तत्काल तैनाती की मांग, विधायक फकीर राम टम्टा ने स्वास्थ्य महानिदेशक से की मुलाकात।

देहरादून संवाददाता।
देहरादून। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने देहरादून स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पहुंचकर महानिदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं और चिकित्सकों की कमी को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक टम्टा ने महानिदेशक को अवगत कराया कि गंगोलीहाट क्षेत्र में चिकित्सकों की तत्काल नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है, ताकि स्थानीय जनता को सामान्य एवं आपातकालीन उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी तथा साधन-संपन्न बनाने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी ने इस संदर्भ में सकारात्मक आश्वासन देते हुए गंगोलीहाट क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

